जिस घर में दादा ने अपनों के साथ बिताई जिंदगी, वहीं पोते ने कर दिया खौफनाक कांड! पुलिस ने खोला राज

बांदा के कालूकुआं में संपत्ति विवाद के चलते 80 वर्षीय लल्ला राजपूत की हत्या का पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस ने मृतक के पौत्र राहुल को गिरफ्तार किया है। आरोपी की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल पेन और खून से सनी शर्ट बरामद की गई है।

Post Published By: Asmita Patel
Updated : 27 November 2026, 1:54 PM IST
google-preferred

Banda: जिस पोते को दादा के बुढ़ापे का सहारा बनना चाहिए था, उसी ने संपत्ति के विवाद में उनकी जान ले ली। उत्तर प्रदेश के बांदा में रिश्तों को शर्मसार करने वाली एक सनसनीखेज वारदात का पुलिस ने खुलासा किया है। आरोप है कि संपत्ति अपने चाचा-चाची के नाम किए जाने से नाराज पौत्र राहुल ने अपने 80 वर्षीय दादा लल्ला राजपूत की गला दबाकर हत्या कर दी। इतना ही नहीं, आरोपी ने यह सोचकर कि कहीं दादा जिंदा न बच जाएं, पेन से उनकी गर्दन पर भी वार किया।

संपत्ति के बंटवारे को लेकर दादा से थी नाराजगी

पूरा मामला बांदा जिले के थाना कोतवाली नगर क्षेत्र का है। पुलिस के मुताबिक, कालूकुआं निवासी राहुल पुत्र चन्द्रपाल अपने दादा लल्ला राजपूत से संपत्ति के बंटवारे को लेकर नाराज चल रहा था। बताया गया कि दादा ने अपनी संपत्ति राहुल के बजाय उसके चाचा और चाची के नाम कर दी थी। इसी बात को लेकर राहुल के मन में नाराजगी थी। पुलिस जांच में सामने आया कि इसी विवाद के चलते उसने अपने ही दादा की हत्या की साजिश रची और मौका मिलते ही वारदात को अंजाम दे दिया।

कर्ज की मार या कोई गहरा राज? आग में जलकर बुजुर्ग किसान की मौत से बांदा में उठे कई बड़े सवाल

24-25 नवंबर की रात गला दबाकर की हत्या

पुलिस के अनुसार, 24 और 25 नवंबर 2026 की दरमियानी रात आरोपी ने मौका देखकर अपने 80 वर्षीय दादा की गला दबाकर हत्या कर दी। इसके बाद उसे आशंका हुई कि कहीं दादा की सांसें चल रही हों और वह जिंदा न बच जाएं। इसी आशंका में आरोपी ने पास में रखे पेन से दादा की गर्दन पर भी वार कर दिया। इस घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। एक बुजुर्ग की हत्या की सूचना मिलने पर पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी।

Banda News

पुलिस ने साक्ष्य जुटाकर किया खुलासा (IMG: Dynamite News)

पुलिस ने साक्ष्य जुटाकर किया खुलासा

घटना की सूचना मिलने के बाद थाना कोतवाली नगर पुलिस ने प्राप्त तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों का गठन किया गया। पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक शिवराज के पर्यवेक्षण और क्षेत्राधिकारी नगर सौरभ सिंह के नेतृत्व में मामले की जांच आगे बढ़ाई गई।

“मेरा बेटा नदी की तरफ कभी जाता ही नहीं था…” बांदा में 13 साल के अनुज की मौत पर परिजनों ने उठाए सवाल

पूछताछ में आरोपी ने कबूला जुर्म

पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तारी के बाद पूछताछ में राहुल ने हत्या की बात स्वीकार की। उसने संपत्ति के बंटवारे को लेकर दादा से नाराजगी की बात बताई। पुलिस ने बताया कि घटना में इस्तेमाल किया गया पेन घटनास्थल से बरामद किया गया था। इसके अलावा आरोपी की निशानदेही पर वारदात के समय पहनी गई उसकी शर्ट भी बरामद की गई, जिस पर मृतक का खून लगा हुआ था।

हत्या का मुकदमा दर्ज

गिरफ्तार आरोपी की पहचान राहुल पुत्र चन्द्रपाल निवासी कालूकुआं, थाना कोतवाली नगर, जनपद बांदा के रूप में हुई है। इस मामले में थाना कोतवाली नगर में मुकदमा अपराध संख्या 610/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) में अभियोग पंजीकृत किया गया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी को गिरफ्तार करने वाली टीम में थाना कोतवाली नगर के प्रभारी निरीक्षक प्रताप सिंह, मंडी समिति चौकी प्रभारी आकाश शुक्ला, कांस्टेबल अनुराग यादव, सौरभ यादव और शरद सिंह शामिल रहे।

Location :  Banda

Published :  27 November 2026, 1:54 PM IST

Advertisement