सीतापुर में बारिश का कहर: 7 मौतें और 108 मकान क्षतिग्रस्त, प्रभारी मंत्री मंत्री मनोज पांडे ने राहत कार्यों का लिया जायजा

सीतापुर में लगातार हो रही भारी बारिश से जनजीवन प्रभावित हो गया है। अतिवृष्टि के कारण सात लोगों की मौत हुई है और 108 मकान क्षतिग्रस्त हुए हैं। प्रभारी मंत्री मनोज पांडे ने राहत कार्यों की जानकारी देते हुए मृतकों के परिवारों को आर्थिक सहायता देने का ऐलान किया...

Post Published By: Mayank Tawer
Updated : 27 September 2026, 9:32 PM IST
google-preferred

Sitapur News: सीतापुर में पिछले दो दिनों से हो रही अतिवृष्टि ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। भारी बारिश के कारण जिले के कई इलाकों में जनजीवन प्रभावित हुआ है। बारिश से जुड़े हादसों में अब तक सात लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 108 मकानों के क्षतिग्रस्त होने की जानकारी सामने आई है। रविवार को कलेक्ट्रेट सभागार में प्रभारी मंत्री  ने प्रेस वार्ता कर जिले में चल रहे राहत और बचाव कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि प्रशासन प्रभावित लोगों तक हर संभव मदद पहुंचाने में जुटा है।

मृतकों के परिवारों को मिलेगी चार लाख रुपये की सहायता

प्रभारी मंत्री ने बताया कि अतिवृष्टि से लहरपुर में एक, महमूदाबाद में तीन और महोली में तीन लोगों की मृत्यु हुई है। मृतकों के स्वजन को सरकार की ओर से चार-चार लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी। इसके अलावा पशुहानि पर प्रति पशु चार हजार रुपये और बारिश के कारण घायल हुए लोगों को 6500 रुपये की सहायता देने की व्यवस्था की गई है। क्षतिग्रस्त मकानों का सर्वे कराया जा रहा है, जिसके बाद नियमानुसार मुआवजा दिया जाएगा।

63 हजार प्रभावित लोगों तक पहुंची राहत सामग्री

भारी बारिश से प्रभावित चार तहसीलों में करीब 63 हजार लोगों को राहत सामग्री वितरित की जा चुकी है। प्रशासन की ओर से जरूरतमंद लोगों को रैन बसेरों में ठहराने के साथ भोजन की व्यवस्था भी की जा रही है। जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक समेत अन्य प्रशासनिक अधिकारी लगातार प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर हालात का जायजा ले रहे हैं। सरायन समेत जिले की अन्य नदियों पर भी निगरानी रखी जा रही है।

फसलों के नुकसान का शुरू हुआ सर्वे

अतिवृष्टि से किसानों को हुए नुकसान को देखते हुए प्रशासन ने फसलों का सर्वे शुरू करा दिया है। सभी तहसीलों में धान, उड़द, केला और गन्ने की फसलों को हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है। राजस्व, कृषि और ग्राम्य विकास विभाग की टीमें प्रभावित गांवों में पहुंचकर नुकसान की रिपोर्ट तैयार कर रही हैं।

जलभराव वाले इलाकों का मंत्री ने किया निरीक्षण

प्रभारी मंत्री मनोज पांडे ने शहर के जलभराव वाले क्षेत्रों का भी निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि कई कॉलोनियों में बारिश का पानी भरने की समस्या सामने आई है। उन्होंने अधिकारियों को प्रभावित लोगों की मदद करने के निर्देश दिए हैं। मंत्री ने कहा कि हालात सामान्य होने के बाद जलभराव और अवैध निर्माण से जुड़ी कॉलोनियों की जांच कराई जाएगी। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर कार्रवाई की जाएगी।

किसानों की समस्या पर भी हुई चर्चा

प्रेस वार्ता के दौरान संवाददाता हिमांशु सिंह ने पिछले वर्ष बारिश से प्रभावित धान किसानों की समस्या उठाई। उन्होंने बताया कि अतिवृष्टि के कारण कई किसानों की धान की फसल में दाग और गुणवत्ता संबंधी समस्या आई थी। उन्होंने इस बार खरीद शुरू होने से पहले प्रभावित धान की गुणवत्ता का सर्वे कराने और दागी धान को लेकर समय पर निर्णय लेने की मांग रखी, ताकि किसानों को सरकारी क्रय केंद्रों पर परेशानी न हो। प्रभारी मंत्री ने इस मुद्दे को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को समय से जांच और आवश्यक कार्रवाई कराने का आश्वासन दिया।

Location :  Sitapur

Published :  27 September 2026, 9:32 PM IST

Advertisement