हिंदी
फतेहपुर: उत्तर प्रदेश सरकार के आईटी एवं इलेक्ट्रॉनिक्स विभाग के प्रमुख सचिव अनुराग यादव ने आज फतेहपुर का दौरा किया। निरीक्षण की शुरुआत कृषि भवन स्थित मृदा परीक्षण प्रयोगशाला से हुई, जहां उन्होंने माहवार व वार्षिक लक्ष्य तथा वर्तमान कार्यप्रणाली की विस्तृत समीक्षा की।
प्रयोगशाला में सुविधाओं की कमी और तकनीकी खामियों पर उन्होंने नाराजगी जताई और संबंधित अधिकारियों को अगले 45 दिनों के भीतर सभी त्रुटियां दूर करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि समयसीमा के अंदर सुधार नहीं हुआ, तो लापरवाह कर्मचारियों का वेतन रोका जाएगा।
डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के अनुसार इसके पश्चात अनुराग यादव ने विकास खंड तेलियानी के बिलंदपुर गांव में आंगनबाड़ी केंद्र और प्राथमिक विद्यालय का निरीक्षण किया। आंगनबाड़ी केंद्र पर कार्यकत्री नीलम सिंह से उन्होंने पुष्टाहार वितरण की स्थिति जानी और बच्चों के पोषण स्तर पर संतोष व्यक्त किया।
ग्राम प्रधान रेखा देवी ने इस मौके पर प्रमुख सचिव की उपस्थिति में महिलाओं की गोदभराई और एक बच्चे का अन्नप्राशन संस्कार भी कराया, जिससे कार्यक्रम सामाजिक सरोकार की दिशा में भी प्रभावी दिखा।
प्राथमिक विद्यालय के निरीक्षण के दौरान उन्होंने कक्षा 8 की छात्राओं उन्नति श्रीवास्तव और गुड्डी दीक्षित से पहाड़े सुनवाए। दोनों छात्राओं के सही उत्तर देने पर उन्होंने उन्हें प्रोत्साहन स्वरूप एक-एक हजार रुपये की धनराशि प्रदान की। साथ ही प्रधानाध्यापक ममता देवी को अन्य बच्चों के लिए मिठाई वितरण हेतु राशि सौंपी।
अंत में प्रमुख सचिव ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिंदकी का दौरा किया, जहां उन्होंने आयुष्मान भारत कक्ष, डेंगू वार्ड और लेबर रूम की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया और आवश्यक सुधार हेतु निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी रविन्द्र सिंह, मुख्य विकास अधिकारी पवन कुमार मीना, मुख्य चिकित्सा अधिकारी, बीएसए सहित अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे। दौरे के दौरान प्रमुख सचिव ने सभी विभागों को जनहित में काम करने और पारदर्शिता बनाए रखने का संदेश दिया।
Location : Fatehpur
Published : 31 May 2025, 7:06 PM IST
Topics : Anurag Yadav DynamiteNews Fatehpur hospital Lucknow Principal Secretary soil testing laboratory TrendingNews UP News