हिंदी
समीक्षा बैठक
Kushinagar: 31 मार्च से 2 अप्रैल तक प्रस्तावित अंतरराष्ट्रीय बौद्ध कॉन्क्लेव के सफल आयोजन को लेकर प्रशासन पूरी तरह एक्टिव मोड में नजर आ रहा है। इसी क्रम में कुशीनगर जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर की अध्यक्षता में विकास भवन सभागार में एक अहम समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में नामित नोडल अधिकारियों और जनपद स्तरीय अधिकारियों के साथ तैयारियों की गहन समीक्षा की गई।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि उन्हें सौंपे गए दायित्वों का समयबद्ध और समन्वित तरीके से निर्वहन करना होगा। उन्होंने कहा कि यह आयोजन सिर्फ जिले के लिए ही नहीं बल्कि पूरे प्रदेश के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर का महत्वपूर्ण कार्यक्रम है, इसलिए किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
डीएम ने कार्यक्रम स्थल पर होने वाले निर्माण कार्यों को लेकर सख्त निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्ट्रक्चर, टेंट, मंच, बैठक व्यवस्था समेत सभी आधारभूत सुविधाओं से जुड़े कार्यों का कार्यादेश 25 मार्च तक जारी कर दिया जाए और 29 मार्च तक हर हाल में तैयारियां पूरी कर ली जाएं।
बैठक में यह भी निर्देश दिए गए कि कार्यक्रम में शामिल होने वाले प्रतिभागियों, वक्ताओं और वीआईपी अतिथियों की सूची जल्द से जल्द तैयार की जाए। साथ ही आमंत्रण पत्र समय से भेजे जाएं और श्रेणीवार कार्यक्रम की विस्तृत अनुसूची भी बनाई जाए।
डीएम ने शिक्षक, किसान, महिला, आशा और युवा सम्मेलनों के सफल आयोजन के लिए संबंधित अधिकारियों को ठोस कार्ययोजना बनाने के निर्देश दिए। इसके साथ ही सांस्कृतिक कार्यक्रमों की गुणवत्ता पर भी विशेष ध्यान देने को कहा गया। कलाकारों की उपलब्धता, मंच संचालन और प्रस्तुतियों को बेहतर बनाने पर जोर दिया गया।
एक्शन मोड में कुशीनगर डीएम-एसपी: त्योहारों से पहले बुलाई हाईलेवल बैठक, इन मुद्दों पर हुई चर्चा
बैठक में आगंतुक अतिथियों और भिक्षुओं के ठहरने, होटल व्यवस्था, परिवहन, भोजन, स्वच्छता, पेयजल, स्वास्थ्य सेवाएं, बिजली आपूर्ति और अग्नि सुरक्षा जैसे अहम मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। डीएम ने निर्देश दिया कि सभी व्यवस्थाएं प्रोटोकॉल के अनुसार हों और किसी भी स्तर पर समन्वय की कमी न रहे।
जिलाधिकारी ने सोशल मीडिया मैनेजमेंट, प्रचार-प्रसार, प्रेस समन्वय और क्रिएटिव टीम के गठन को लेकर भी दिशा-निर्देश दिए। साथ ही कंट्रोल रूम संचालन और वित्तीय प्रबंधन से जुड़ी समितियों को सक्रिय रहने को कहा।
डीएम ने कार्यक्रम से एक दिन पहले प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित करने और “रन फॉर पीस” कार्यक्रम की तैयारियां समय से पूरी करने के निर्देश भी दिए।
सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए अपर पुलिस अधीक्षक और संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि पुलिस और प्रशासन आपसी तालमेल के साथ सुरक्षा और ट्रैफिक की मजबूत कार्ययोजना तैयार करें। जिससे आयोजन के दौरान किसी तरह की दिक्कत न हो।
बैठक के अंत में जिलाधिकारी ने सभी नोडल, सहायक नोडल और समिति प्रभारी अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे मुख्य विकास अधिकारी और अपर जिलाधिकारी के साथ समन्वय बनाकर काम करें। साथ ही रिजर्व अधिकारियों को भी कार्यक्रम के दौरान सतर्क और उपलब्ध रहने को कहा गया। इस महत्वपूर्ण बैठक में मुख्य विकास अधिकारी, अपर जिलाधिकारी, उपजिलाधिकारीगण, जनपद स्तरीय अधिकारी और सभी नामित नोडल अधिकारी उपस्थित रहे।
Location : Kushinagar
Published : 23 March 2026, 7:04 PM IST
Topics : Buddhist Conclave International Event Security Kushinagar Kushinagar news Mahendra Singh Tanwar