

बागपत के खिड़ौदा गांव से 15 वर्षीय लड़की लापता हो गई। जिसकी वजह से पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठ रहे है। पढ़िए डाइनामाइट न्यूज़ की पूरी रिपोर्ट
पुलिस अफसर को सौंपा परिजनों ने शिकायत पत्र
बागपत: जिले के सिंघावली अहीर थाना क्षेत्र के अंतर्गत खिड़ौदा गांव से एक 15 वर्षीय नाबालिग लड़की संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई है। लड़की घर से अचानक गायब हो गई और काफी तलाश के बावजूद उसका कोई सुराग नहीं लग पाया। मामले की सूचना तत्काल सिंघावली अहीर थाने को दी गई, लेकिन परिजनों का आरोप है कि पुलिस ने अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की है।
डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के मुताबिक, लड़की के परिजनों ने थाना स्तर पर न्याय न मिलने के बाद पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर गुहार लगाई। पीड़ित परिवार का गंभीर आरोप है कि थाना पुलिस लड़की की तलाश के लिए पैसों की मांग कर रही है। परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण वे यह राशि नहीं दे पा रहे हैं। इससे उनकी परेशानियां और बढ़ गई हैं।
होगा बड़ा आंदोलन
पुलिस की निष्क्रियता और कथित भ्रष्टाचार से नाराज होकर ब्राह्मण समाज के लोगों ने कलेक्ट्रेट परिसर में जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए चेतावनी दी कि यदि जल्द ही लड़की को सकुशल बरामद नहीं किया गया तो वे बड़े स्तर पर आंदोलन छेड़ेंगे। उन्होंने कहा कि अगर कोई अनहोनी होती है तो उसकी जिम्मेदारी पूरी तरह पुलिस प्रशासन की होगी।
लड़की के साथ अनहोनी की आशंका
प्रदर्शन के दौरान लड़की के परिजनों ने आशंका जताई कि उसकी जान को खतरा हो सकता है। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि बिना किसी देरी के उसकी तलाश कर उसे सुरक्षित बरामद किया जाए।
पुलिस का बयान
धरना स्थल पर पहुंचे क्षेत्राधिकारी (सीओ) विजय कुमार ने प्रदर्शनकारियों को शांत करते हुए भरोसा दिलाया कि पुलिस पूरी गंभीरता से मामले की जांच कर रही है और जल्द ही लड़की को ढूंढ लिया जाएगा। सीओ के आश्वासन के बाद ब्राह्मण समाज ने अपना धरना समाप्त कर दिया। फिलहाल पूरा गांव और पीड़ित परिवार गहरी चिंता में है।