हिंदी
पुलिस ने तीनों को पकड़ा (IMG: Dynamite News)
Varanasi: वाराणसी में कर्ज चुकाने का दबाव इतना बढ़ा कि तीन लोगों ने मेहनत से कमाई करने के बजाय अपराध का रास्ता चुन लिया। पहले सराफा कारोबारी की रेकी की गई, फिर रास्ते में चाकू दिखाकर उसे कार में अगवा किया गया। कार के अंदर उसके साथ मारपीट की गई और सोने के आभूषण व मोबाइल लूटने के बाद सड़क किनारे फेंककर आरोपी फरार हो गए। वाराणसी के लंका थाना क्षेत्र में हुई इस वारदात ने पुलिस को भी सक्रिय कर दिया।
भेलूपुर एसीपी गौरव कुमार के मुताबिक, शुक्रवार देर शाम भिखारीपुर कला निवासी सराफा कारोबारी प्रिंस सेठ अपनी स्कूटी से घर लौट रहे थे। वह अस्सी घाट से रवींद्रपुरी होते हुए संकट मोचन मार्ग की तरफ जा रहे थे। इसी दौरान हवेली से सटी गली के पास आरोपियों ने उन्हें रोक लिया। आरोप है कि चाकू दिखाकर कारोबारी को धमकाया गया और जबरन कार में बैठा लिया गया।
पुलिस के अनुसार, कार के अंदर प्रिंस सेठ को चाकू के बल पर डराया गया और उनके साथ मारपीट की गई। इसके बाद आरोपियों ने उनके पास मौजूद सोने की चेन, अंगूठी, ब्रेसलेट और मोबाइल फोन लूट लिया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपियों ने कारोबारी को सर्विस लेन पर फेंक दिया और वहां से फरार हो गए।
पुलिस ने कारोबारी की तहरीर के आधार पर मामले की जांच शुरू की। इस दौरान घटनास्थल और रास्ते में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को खंगाला गया। पुलिस को वारदात में इस्तेमाल कार के बारे में महत्वपूर्ण सुराग मिला। कार के नंबर और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने आरोपियों की पहचान की। इसके बाद उनकी तलाश में दबिश शुरू की गई।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान चितईपुर थाना क्षेत्र के नासिरपुर निवासी अश्विनी कुमार, चंदौली के सैयदराजा थाना क्षेत्र के दुल्लमपट्टी निवासी वैभव कुमार और लोकमनपुर निवासी राजेश्वर केसरी के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, राजेश्वर और अश्विनी आपस में दोस्त हैं। दोनों ने वैभव से करीब 90 हजार रुपये कर्ज लिया था। वैभव लगातार अपना पैसा वापस मांग रहा था। कर्ज चुकाने का दबाव बढ़ने के बाद अश्विनी ने कथित तौर पर लूट की योजना बनाई।
गाड़ी मिर्जापुर में है साहेब… फर्जी नंबर प्लेट के खेल में फंसा गरीब मजदूर, वाराणसी से कट रहे ई-चालान
जांच के मुताबिक, अश्विनी और राजेश्वर ने प्रिंस सेठ की रेकी की थी। दोनों ने उनके आने-जाने के रास्ते और समय के बारे में जानकारी जुटाई। इसके बाद कथित तौर पर उन्होंने वैभव को भी इस योजना में शामिल किया। अश्विनी ने वैभव से कहा कि वह अपनी कार लेकर लंका की तरफ पहुंचे। उसे बताया गया कि एक व्यक्ति से पैसा लेकर उसका कर्ज चुकता कर दिया जाएगा।
लंका पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तेजी से जांच शुरू की। सीसीटीवी फुटेज और अन्य सुरागों के आधार पर आरोपियों की पहचान की गई। इसके बाद गढ़वा घाट के पीछे मैदान से तीनों को गिरफ्तार किए जाने की बात पुलिस ने कही है। आरोपियों के पास से कथित तौर पर लूटे गए आभूषण, मोबाइल फोन, वारदात में इस्तेमाल कार और चाकू बरामद किया गया है।
Location : Varanasi
Published : 23 August 2026, 6:56 PM IST