हिंदी
रायबरेली में गैस को लेकर हड़कंप
Raebareli: प्रदेश में घरेलू गैस सिलेंडरों की किल्लत की खबरों के बीच रायबरेली से राहत भरी जानकारी सामने आई है। जिले में गैस की सप्लाई पूरी तरह सामान्य बताई जा रही है, लेकिन अफवाहों के चलते गैस एजेंसियों पर लोगों की भारी भीड़ देखने को मिल रही है।
शहर कोतवाली क्षेत्र के अलग-अलग इलाकों में स्थित एलपीजी गैस एजेंसियों के गोदाम, कार्यालय और वितरण केंद्रों पर सुबह से ही लोगों की लंबी-लंबी कतारें लग गईं। बड़ी संख्या में उपभोक्ता गैस सिलेंडर लेने और केवाईसी अपडेट कराने के लिए एजेंसी पहुंच रहे हैं।
कई जगहों पर लोगों को घंटों लाइन में खड़ा रहना पड़ रहा है। उपभोक्ता मनोज कुमार का कहना है कि केवाईसी अपडेट की अनिवार्यता के कारण एजेंसियों पर भीड़ बढ़ गई है। कुछ उपभोक्ताओं ने यह भी आरोप लगाया कि गैस वितरण की व्यवस्था ठीक से नहीं होने के कारण उन्हें परेशानी उठानी पड़ रही है।
शहर के पुलिस लाइन स्थित सुधा गैस इंडेन एजेंसी के मैनेजर अमरेश पांडे ने बताया कि उनके यहां गैस की कोई कमी नहीं है और सप्लाई पूरी तरह से सामान्य है। उन्होंने कहा कि इस समय एजेंसियों पर भीड़ बढ़ने के दो मुख्य कारण हैं।
देहरादून में ब्लाइंड मर्डर: हत्या करके झाड़ियों में फेंकी लाश; कौन है 35 वर्षीय महिला का दुश्मन?
पहला कारण यह है कि लोग अफवाहों के कारण एक से अधिक सिलेंडर भरवाकर अपने घरों में एडवांस स्टॉक कर रहे हैं। दूसरा कारण यह है कि वित्तीय वर्ष के अंत के चलते कई उपभोक्ता केवाईसी अपडेट कराने के लिए एजेंसी पहुंच रहे हैं। उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि गैस सिलेंडर को लेकर किसी तरह की अफवाहों पर ध्यान न दें और जरूरत के मुताबिक ही सिलेंडर लें। फिलहाल जिले में सप्लाई में किसी प्रकार की कोई परेशानी नहीं है।
जिला पूर्ति अधिकारी उबैदुर्रहमान खान ने भी स्पष्ट किया कि जिले में घरेलू गैस सिलेंडरों की कोई कमी नहीं है और सप्लाई लगातार मिल रही है। उन्होंने बताया कि 11 मार्च तक जिले में कुल 10423 सिलेंडरों का प्रारंभिक स्टॉक उपलब्ध था। आज के दिन 5489 सिलेंडरों की आमद हुई, जबकि 5803 सिलेंडरों की बिक्री हुई है। इसके बाद भी लगभग 10109 सिलेंडर का स्टॉक अभी उपलब्ध है।
उन्होंने बताया कि इंडेन (आईओसीएल) के पास 6083 सिलेंडरों का प्रारंभिक स्टॉक था, जिसमें 3459 सिलेंडर की नई आमद हुई। आज 3346 सिलेंडरों की बिक्री के बाद भी 6196 सिलेंडर उपलब्ध हैं। इसी तरह बीपीसीएल और एचपीसीएल के पास भी पर्याप्त स्टॉक मौजूद है।
जिला पूर्ति अधिकारी ने कहा कि आज थोड़ी दिक्कत सर्वर डाउन होने की वजह से आई थी, लेकिन अब स्थिति सामान्य है। उन्होंने उपभोक्ताओं से अपील की कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और गैस सिलेंडरों का अनावश्यक स्टॉक न करें। फिलहाल जिले में घरेलू गैस की आपूर्ति पूरी तरह से सामान्य बनी हुई है।
Location : Raebareli
Published : 11 March 2026, 7:44 PM IST