नोएडा से 16 शहरों के लिए भर सकेंगे उड़ान, लखनऊ जाना दिल्ली से होगा सस्ता

नोएडा एयरपोर्ट से 15 जून से इंडिगो की उड़ानें शुरू हो रही हैं। लखनऊ, हैदराबाद, अमृतसर और बेंगलूरू के लिए टिकट उपलब्ध हैं। लखनऊ का किराया दिल्ली से अधिक है और वंदे भारत ट्रेन से भी महंगा। एक घंटे में सफर पूरा, लेकिन...

Updated : 8 May 2026, 11:25 AM IST
google-preferred

Noida: नोएडा हवाईअड्डे से 15 जून को इंडिगो एयरलाइंस की उड़ान सेवाएं शुरू होने जा रही हैं। शुरुआती चरण में लखनऊ, हैदराबाद, अमृतसर और बेंगलूरू जैसे चार प्रमुख शहरों के लिए उड़ानें संचालित की जाएंगी। इसके साथ ही आने वाले दिनों में एयरलाइन ने नोएडा एयरपोर्ट से कुल 16 शहरों के लिए उड़ानों का विस्तृत शेड्यूल भी जारी करने की योजना बनाई है।

दिल्ली की तुलना में नोएडा से महंगा लखनऊ का टिकट

नोएडा से लखनऊ जाने वाली फ्लाइट का किराया दिल्ली से लखनऊ की तुलना में अधिक रखा गया है। नोएडा से लखनऊ का हवाई किराया 5149 रुपये तय किया गया है, जबकि दिल्ली से लखनऊ के लिए यही टिकट 3394 रुपये में उपलब्ध है। यानी एक ही गंतव्य के लिए नोएडा से यात्रा करने पर यात्रियों को लगभग 1700 रुपये अधिक चुकाने होंगे।

DN Exclusive: 30 अक्टूबर को होगा भारत के सबसे बड़े नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का उद्घाटन, जानें इस हवाईअड्डे से जुड़ी खास बातें

अन्य शहरों के किराए लगभग समान

कई अन्य रूट्स पर नोएडा और दिल्ली से उड़ानों के किराए लगभग समान रखे गए हैं। उदाहरण के लिए दिल्ली से हैदराबाद के लिए किराया 6129 रुपये है और नोएडा से भी यही किराया निर्धारित किया गया है। इसी तरह अमृतसर के लिए दोनों स्थानों से इकोनॉमी क्लास टिकट 3499 रुपये में मिल रहा है। बेंगलूरू के लिए भी किराए में कोई अंतर नहीं है और दोनों एयरपोर्ट से समान कीमत पर टिकट उपलब्ध है।

ट्रेन से भी महंगा हवाई सफर

नोएडा से लखनऊ का सफर सड़क मार्ग से एक्सप्रेसवे के जरिए लगभग 5 से 6 घंटे में पूरा होता है, जबकि वंदे भारत ट्रेन से दिल्ली से लखनऊ पहुंचने में 6 घंटे से अधिक समय लगता है। वंदे भारत ट्रेन का किराया लगभग 2420 रुपये है, जो हवाई यात्रा की तुलना में काफी कम है। इसके विपरीत नोएडा एयरपोर्ट से लखनऊ की उड़ान मात्र एक घंटे में पूरी हो जाएगी, लेकिन इसका किराया ट्रेन से लगभग दोगुना और सड़क यात्रा से भी काफी अधिक है।

Greater Noida Land Acquisition: गौतम बुद्ध नगर में जमीन के अधिग्रहण के बदले गए नियम, अब करना होगा ये काम

नोएडा एयरपोर्ट से उड़ान शुरू होने के बावजूद शुरुआती आंकड़े बताते हैं कि यात्रियों को समय की बचत के लिए अधिक कीमत चुकानी होगी। वहीं दिल्ली एयरपोर्ट की तुलना में नोएडा से कुछ रूट्स पर टिकट महंगे होने से यात्रियों के लिए विकल्प चुनना चुनौतीपूर्ण हो सकता है।

Location :  Noida

Published :  8 May 2026, 11:25 AM IST

Advertisement