नोएडा बॉर्डर पर तैयार हो रहा भव्य कांवड़ सेवा शिविर, 24 घंटे चलेगा भंडारा, रोज 5 हजार से ज्यादा आएंगे कांवड़ियां

नोएडा सेक्टर-14 में श्री सिद्ध पीठ शनि मंदिर समिति का 15वां भव्य कांवड़ सेवा शिविर लगभग तैयार है। 3 अगस्त से यहां 24 घंटे भंडारा, 1000 श्रद्धालुओं के ठहरने की व्यवस्था, मेडिकल सुविधा, वाटरप्रूफ टेंट और रोज 5000 से अधिक कांवड़ियों के स्वागत की तैयारी पूरी की जा रही है।

Post Published By: Mayank Tawer
Updated : 30 July 2026, 8:15 AM IST
google-preferred

Noida: कांवड़ यात्रा के बीच श्रद्धालुओं की सेवा के लिए नोएडा के सेक्टर-14 में श्री सिद्ध पीठ शनि मंदिर समिति की ओर से भव्य कांवड़ सेवा शिविर तैयार किया गया है। शिविर का करीब 80 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है और बाकी व्यवस्थाओं को भी तेजी से अंतिम रूप दिया जा रहा है। समिति का लक्ष्य 2 अगस्त तक सभी तैयारियां पूरी करने का है। इसके बाद 3 अगस्त से शिविर में आने वाले कांवड़ियों को भोजन, ठहरने, चिकित्सा और विश्राम समेत सभी सुविधाएं मिलनी शुरू हो जाएंगी।

लगातार 15वीं बार लगाया जा रहा सेवा शिविर

श्री सिद्ध पीठ शनि मंदिर समिति की ओर से इस वर्ष लगातार 15वां कांवड़ सेवा शिविर लगाया जा रहा है। समिति ने इस बार 1000 से अधिक कांवड़ियों के एक साथ ठहरने की व्यवस्था की है। श्रद्धालुओं के लिए सात्विक भोजन, आराम करने की सुविधा और जरूरत पड़ने पर तुरंत चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। कांवड़ियों की सेवा और व्यवस्थाओं को संभालने के लिए बड़ी संख्या में स्वयंसेवकों को भी तैनात किया जाएगा।

बारिश से बचाने के लिए लगाया गया वाटरप्रूफ टेंट

इस बार शिविर में बारिश को ध्यान में रखते हुए पूरी तरह वाटरप्रूफ टेंट लगाया गया है। इससे बारिश होने पर भी श्रद्धालुओं को ठहरने और भोजन करने में परेशानी नहीं होगी। मेडिकल टीम के लिए अलग से एक विशेष कैंप तैयार किया गया है, जहां जरूरत पड़ने पर कांवड़ियों को प्राथमिक उपचार और अन्य जरूरी स्वास्थ्य सुविधाएं दी जाएंगी। शिविर तक पहुंचने वाली सड़क का काम भी पूरा कर लिया गया है।

अगले 48 घंटे संभलकर रहें यूपी वाले: आज 10 जिलों में आफत की बारिश, 30 की रफ्तार से चलेंगी हवाएं, जानिए आपके शहर का मौसम

बिजली सुरक्षा पर विशेष ध्यान

शिविर में सुरक्षा के इंतजामों को लेकर भी विशेष सावधानी बरती जा रही है। बिजली के पोलों पर काली पन्नी लगाई गई है, ताकि बारिश के दौरान करंट फैलने जैसी किसी भी आशंका को रोका जा सके। शिविर की व्यवस्थाओं और सुरक्षा की निगरानी पुलिस, नोएडा प्राधिकरण, जिला प्रशासन और समिति के पदाधिकारी मिलकर कर रहे हैं। रात के समय श्रद्धालुओं को किसी तरह की दिक्कत न हो, इसके लिए परिसर में पर्याप्त लाइटिंग की व्यवस्था भी की गई है।

रोज 5000 से अधिक कांवड़ियों के पहुंचने की उम्मीद

समिति के अध्यक्ष मान सिंह ने बताया कि शिविर में प्रतिदिन 5000 से अधिक कांवड़ियों के पहुंचने की संभावना है। इनमें दिल्ली, हरियाणा, राजस्थान और पंजाब से आने वाले श्रद्धालुओं की संख्या अधिक रहने की उम्मीद है। बढ़ती भीड़ को देखते हुए इस बार सेवादारों की संख्या भी पहले से ज्यादा रखी गई है, ताकि हर श्रद्धालु को समय पर और बेहतर सुविधा मिल सके।

24 घंटे चलेगा भंडारा, एकादशी पर मिलेगा हलवा प्रसाद

समिति के सचिव राजीव कुमार मिश्रा ने बताया कि शिविर में श्रद्धालुओं को पौष्टिक और सात्विक भोजन दिया जाएगा। इस बार पूड़ी की जगह रोटी परोसी जाएगी और प्रतिदिन अलग-अलग तरह की सब्जियां बनाई जाएंगी। एकादशी के दिन श्रद्धालुओं को विशेष रूप से हलवा प्रसाद दिया जाएगा। भंडारा 24 घंटे संचालित रहेगा, जिससे दिन या रात किसी भी समय शिविर पहुंचने वाले कांवड़ियों को भोजन मिल सके।

कल घर से निकलने से पहले मौसम जरूर देख लें! 14 राज्यों में भारी बारिश-आंधी का अलर्ट, उत्तराखंड में बादल फटने का खतरा बढ़ा

हरियाणा और राजस्थान जाने वाले प्रमुख रूट पर स्थित है शिविर

यह कांवड़ सेवा शिविर हरियाणा और राजस्थान जाने वाले प्रमुख मार्ग पर स्थित है। इसी वजह से इन दोनों राज्यों के श्रद्धालुओं की संख्या यहां सबसे अधिक रहती है। समिति के अनुसार कांवड़ियों का आना शुरू हो चुका है और शुरुआती श्रद्धालुओं को भी ठहरने, भोजन और अन्य जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। आने वाले दिनों में श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ने की संभावना को देखते हुए शिविर की सभी व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है।

Location :  Noida

Published :  30 July 2026, 8:15 AM IST

Advertisement