हिंदी
सपा एमएलसी लाल बिहारी यादव पीड़ित परिवार से मिले
Chandauli: सदर कोतवाली क्षेत्र के नेगुरा गांव में दो समुदायों के बीच हुई हिंसक झड़प में बादशाह खान की मौत के बाद राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। रविवार को समाजवादी पार्टी (सपा) के विधान परिषद सदस्य (एमएलसी) लाल बिहारी यादव पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे। उन्होंने सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की ओर से एक लाख रुपये की आर्थिक सहायता का चेक मृतक की पत्नी को सौंपा और परिवार को हर संभव मदद का भरोसा दिलाया।
डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के अनुसार, लाल बिहारी यादव ने पीड़ित परिवार से संवेदना जताते हुए कहा कि यह घटना न सिर्फ दुखद है, बल्कि राज्य सरकार की कानून-व्यवस्था की पोल खोलती है। उन्होंने बताया कि इस मामले में थानाध्यक्ष से बातचीत हुई है और फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी एक सप्ताह के भीतर सुनिश्चित की जाएगी।
उन्होंने राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए कहा, "यह सरकार अल्पसंख्यकों, गरीबों और दलितों की विरोधी है। उत्तर प्रदेश में सामंतवादी सोच अब भी हावी है और नेगुरा जैसी घटनाएं उसी का नतीजा हैं।" उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवार को न केवल इंसाफ दिलाया जाएगा, बल्कि सरकार से मुआवजा और सुरक्षा की भी मांग की जाएगी।
पीड़ित परिवार के घर जुटी भीड़
सपा एमएलसी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर भी तीखा हमला बोला। वाराणसी को क्योटो जैसा शहर बनाने के पीएम मोदी के दावे पर टिप्पणी करते हुए लाल बिहारी यादव ने कहा, "उसी क्योटो मॉडल का नतीजा है कि वाराणसी से 4-5 लाख वोटों से जीतने वाला व्यक्ति अब हार की कगार पर था। लेकिन ईवीएम और शासन-प्रशासन की बदौलत वह चुनाव जीत सका।" उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र और राज्य सरकारें लोकतंत्र की हत्या कर रही हैं और प्रशासनिक मशीनरी का दुरुपयोग कर रही हैं।
वाराणसी में क्षत्रिय बनाम राजभर प्रकरण पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि वहां भी सामंतवादी ताकतों ने राजभर समुदाय के व्यक्ति को निशाना बनाया, जो यह दर्शाता है कि समाज में आज भी बराबरी का स्थान नहीं मिल रहा है।
इसके अलावा, उन्होंने विंध्याचल धाम में भाजपा विधायक के होटल में लखनऊ से आई एक महिला श्रद्धालु का वीडियो वायरल होने की घटना पर भी सरकार को कटघरे में खड़ा किया। उन्होंने कहा, भाजपा सरकार में ऐसी घटनाएं आम हो गई हैं। यह सरकार महिलाओं की सुरक्षा के नाम पर सिर्फ दिखावा कर रही है।
लाल बिहारी यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी हर शोषित, वंचित और पीड़ित वर्ग के साथ खड़ी है और इस तरह की घटनाओं के खिलाफ सड़क से सदन तक लड़ाई लड़ेगी। उन्होंने मांग की कि नेगुरा कांड के दोषियों की जल्द गिरफ्तारी हो और पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा तथा सुरक्षा मुहैया कराई जाए।
इस दौरान बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता, ग्रामीण और मीडिया के लोग भी मौके पर मौजूद रहे। सपा एमएलसी की इस पहल को विपक्ष द्वारा सरकार पर दबाव बनाने की रणनीति के तौर पर भी देखा जा रहा है।
Location : Chandauli
Published : 14 July 2025, 8:03 AM IST