500 CCTV कैमरों ने खोला महिला की मौत का राज, रेलवे स्टेशन से स्कूटी पर किसके साथ गई थी? पुलिस ने किया खुलासा

गोरखपुर के झंगहा थाना क्षेत्र में तीन सितंबर को मिले अज्ञात महिला के शव के मामले का पुलिस ने खुलासा करने का दावा किया है। पुलिस के मुताबिक महिला को गोरखपुर रेलवे स्टेशन से एक व्यक्ति स्कूटी पर सुनसान स्थान पर ले गया था। वहां दोबारा जबरन संबंध बनाने के विरोध के दौरान विवाद हुआ।

Gorakhpur: गोरखपुर के झंगहा थाना क्षेत्र में तीन सितंबर को सुनसान जगह पर नग्न अवस्था में मिले अज्ञात महिला के शव की गुत्थी सुलझाने का पुलिस ने दावा किया है। दुबियारी पुल गहिरा मोड़ के पास मिले इस शव ने इलाके में सनसनी फैला दी थी। महिला कौन थी, उसे वहां कौन लेकर आया और उसकी मौत कैसे हुई, इन सवालों का जवाब तलाशने में पुलिस की कई टीमें जुटी थीं।

जांच आगे बढ़ी तो घटनास्थल से मिले एक मोबाइल फोन ने पुलिस को अहम सुराग दिया। मोबाइल में लगे सिम के सीडीआर की जांच की गई तो उसकी लोकेशन गोरखपुर रेलवे स्टेशन के आसपास मिली। इसके बाद पुलिस ने स्टेशन से लेकर घटनास्थल तक लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू की।

रेलवे स्टेशन से स्कूटी पर निकली थी महिला

पुलिस के मुताबिक दो सितंबर की शाम करीब 7:30 बजे महिला गोरखपुर रेलवे स्टेशन पर आरोपी अभय कुमार तिवारी के संपर्क में आई थी। पुलिस का दावा है कि महिला बोल नहीं पा रही थी। आरोप है कि अभय महिला को संबंध बनाने के इरादे से अपनी स्कूटी पर बैठाकर रेलवे स्टेशन से निकल गया। दोनों मोहद्दीपुर, कूड़ाघाट, खोराबार, रामनगर करजहा और मोतीराम अड्डा होते हुए दुबियारी पुल गहिरा मोड़ की तरफ पहुंचे।

500 CCTV कैमरों ने खोला राज

महिला की पहचान और घटना का खुलासा पुलिस के लिए बड़ी चुनौती थी। ऐसे में झंगहा पुलिस के साथ फोरेंसिक, साइबर, सर्विलांस, स्वॉट और SOG की टीमें जांच में लगाई गईं। पुलिस ने स्टेशन और आसपास के इलाकों में CCTV कैमरों की फुटेज खंगालने के लिए अलग-अलग स्थानों पर 100 से अधिक कर्मियों की टीमें लगाईं। करीब 500 कैमरों की रिकॉर्डिंग की जांच की गई।

फुटेज में एक व्यक्ति महिला के साथ स्कूटी पर जाता दिखाई दिया। इसके बाद पुलिस ने भीड़भाड़ वाले स्थानों पर फुटेज दिखाकर उसकी पहचान कराने का प्रयास किया। पुलिस के मुताबिक इसी प्रक्रिया के दौरान उसकी पहचान रेलवे में प्वाइंट्समैन के रूप में काम करने वाले अभय कुमार तिवारी के तौर पर हुई।

जनरेटर चोरी का विरोध करना पड़ा भारी! युवक पर चाकू से जानलेवा हमला, पुलिस ने आरोपी को पकड़ा

पूछताछ में सामने आई पूरी कहानी

पुलिस ने अभय को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के अनुसार पूछताछ में उसने बताया कि दो सितंबर की शाम करीब 7:30 बजे महिला उसे गोरखपुर रेलवे स्टेशन पर मिली थी। पुलिस का दावा है कि अभय महिला को स्कूटी पर बैठाकर दुबियारी पुल गहिरा मोड़ के पास सुनसान जगह पर ले गया। वहां दोनों के बीच संबंध बने। इसके बाद आरोपी दोबारा जबरन संबंध बनाने की कोशिश कर रहा था, जिसका महिला ने विरोध किया।

मौत के बाद शव छोड़कर भाग गया आरोपी

पुलिस के अनुसार महिला की मौत होने के बाद आरोपी घबरा गया और उसे वहीं छोड़कर स्कूटी से फरार हो गया। तीन सितंबर को इसी स्थान के पास महिला का शव मिलने की सूचना पुलिस को मिली थी। सूचना मिलते ही झंगहा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया। घटनास्थल पर फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया, जिसने वहां से जरूरी साक्ष्य जुटाए।

आखिर क्यों घरों से बाहर निकलना हुआ दूभर? गोरखपुर में बच्चों समेत 42 लोगों पर अचानक टूटा कहर; जानिए क्या है कारण?

महिला की पहचान अभी नहीं हो सकी

पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार करने के साथ घटना में इस्तेमाल की गई स्कूटी भी बरामद कर ली है। हालांकि महिला की पहचान अभी तक नहीं हो सकी है। पुलिस के मुताबिक महिला की पहचान के लिए उसके मोबाइल की CDR लोकेशन और दूसरे तकनीकी माध्यमों से लगातार जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस यह पता लगाने का भी प्रयास कर रही है कि महिला गोरखपुर रेलवे स्टेशन तक कैसे पहुंची थी और उसकी पहचान से जुड़े अन्य सुराग क्या हैं।

कई टीमों ने मिलकर सुलझाई गुत्थी

इस मामले के खुलासे के लिए झंगहा पुलिस के साथ फोरेंसिक, साइबर, सर्विलांस, स्वॉट और SOG की टीमें लगातार काम कर रही थीं। अलग-अलग इलाकों के CCTV कैमरों की फुटेज खंगालने और तकनीकी साक्ष्यों को जोड़ने के बाद पुलिस आरोपी तक पहुंची। फिलहाल आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

Location :  Gorakhpur

Published :  8 September 2026, 8:20 PM IST

Advertisement