हिंदी
रेलवे स्टेशन और शिव चौक पर विशेष निगरानी (Source: Dynamite News)
Muzaffarnagarl: कांवड़ यात्रा-2026 के मद्देनज़र मुज़फ़्फ़रनगर पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करते हुए शहर के संवेदनशील इलाकों में मेगा सर्च ऑपरेशन चलाया। मंगलवार शाम करीब 7 बजे से रात 11 बजे तक चले इस अभियान में थाना सिविल लाइन, कोतवाली नगर पुलिस और स्थानीय अभिसूचना इकाई (LIU) की संयुक्त टीम ने बम निरोधक दस्ता (BDDS), एएस चेक टीम और डॉग स्क्वॉड के साथ व्यापक तलाशी अभियान चलाया।
अभियान के दौरान रेलवे स्टेशन परिसर, शिव चौक, पार्किंग स्थलों, प्रमुख मार्गों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी गई। पुलिस टीमों ने संदिग्ध व्यक्तियों, वाहनों और सामान की गहन जांच की। डॉग स्क्वॉड और BDDS ने संवेदनशील स्थानों की बारीकी से तलाशी लेकर सुरक्षा व्यवस्था का परीक्षण किया।
सुरक्षा अभियान का उद्देश्य कांवड़ यात्रा के दौरान किसी भी संभावित अप्रिय घटना को रोकना था। पुलिस अधिकारियों ने लगातार कांवड़ मार्ग का निरीक्षण किया और ड्यूटी पर तैनात जवानों को पूरी सतर्कता के साथ निगरानी बनाए रखने के निर्देश दिए। सभी महत्वपूर्ण स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा भी की गई।
पुलिस ने कांवड़ यात्रियों और आम नागरिकों से अपील की कि यदि किसी भी स्थान पर कोई संदिग्ध व्यक्ति, वस्तु या गतिविधि दिखाई दे तो उसकी सूचना तुरंत नजदीकी पुलिस अधिकारी या कंट्रोल रूम को दें। अधिकारियों ने कहा कि जनता का सहयोग सुरक्षित और शांतिपूर्ण कांवड़ यात्रा के लिए बेहद महत्वपूर्ण है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा के निर्देशन में चलाए गए इस अभियान को कांवड़ यात्रा की व्यापक सुरक्षा योजना का हिस्सा बताया गया। पुलिस का कहना है कि आने वाले दिनों में भी शहर और कांवड़ मार्ग के संवेदनशील क्षेत्रों में इसी तरह सघन चेकिंग, निगरानी और फ्लैग मार्च जारी रहेगा, ताकि लाखों शिवभक्तों की यात्रा सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि कांवड़ यात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जाएगी। आधुनिक उपकरणों, तकनीकी निगरानी और संयुक्त पुलिस टीमों की मदद से पूरे मार्ग पर लगातार नजर रखी जाएगी।
Location : Muzaffarnagar
Published : 29 July 2026, 10:20 AM IST
Topics : Kanwar Yatra 2026 Muzaffarnagar Police UP News