कांवड़ मेले में पहली बार ऐसा सिस्टम! ड्यूटी से हटे पुलिसकर्मी तो तुरंत कंट्रोल रूम में बजेगा अलर्ट

कांवड़ यात्रा-2026 के लिए मुज़फ़्फ़रनगर पुलिस ने पहली बार डायनेमिक ड्यूटी मैनेजमेंट सिस्टम लागू किया है। ड्यूटी छोड़ते ही संबंधित पुलिसकर्मी की लोकेशन कंट्रोल सिस्टम पर दिखाई देगी और विभागीय कार्रवाई होगी। 4000 पुलिसकर्मी, PAC, ATS, BDDS, डॉग स्क्वॉड, ड्रोन और CCTV के जरिए सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की गई है।

Post Published By: Poonam Rajput
Updated : 29 July 2026, 10:58 AM IST
google-preferred

Muzaffarnagar : कांवड़ यात्रा-2026 को लेकर मुज़फ़्फ़रनगर पुलिस ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) संजय कुमार वर्मा ने पुलिस लाइन में अधिकारियों और जवानों की ब्रीफिंग के दौरान कहा कि मुज़फ़्फ़रनगर आतंकवादी दृष्टि से संवेदनशील जिला है। ऐसे में ड्यूटी पर तैनात हर पुलिसकर्मी को पूरी सतर्कता के साथ अपनी आंख, नाक और कान खुले रखने होंगे ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि को समय रहते रोका जा सके।

पहली बार लागू हुआ डायनेमिक ड्यूटी मैनेजमेंट सिस्टम

इस बार कांवड़ मेले में पहली बार डायनेमिक ड्यूटी मैनेजमेंट सिस्टम लागू किया गया है। इस तकनीक के जरिए ड्यूटी पर तैनात प्रत्येक पुलिसकर्मी की लोकेशन पर नजर रखी जाएगी। यदि कोई पुलिसकर्मी बिना अनुमति अपना ड्यूटी प्वाइंट छोड़ता है, तो उसकी जानकारी तुरंत कंट्रोल सिस्टम पर दिखाई देगी और उसके खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी।

4000 पुलिसकर्मी और कई विशेष बल तैनात

एसएसपी के अनुसार, कांवड़ यात्रा की सुरक्षा के लिए लगभग 3000 से 4000 पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। इसके अलावा 9 कंपनियां पीएसी, आरआरएफ, एटीएस, बम निरोधक दस्ता (BDDS), एएसएच टीम और डॉग स्क्वॉड भी सुरक्षा व्यवस्था में शामिल रहेंगे। पूरे कांवड़ मार्ग की निगरानी के लिए आधुनिक ड्रोन और हजारों सीसीटीवी कैमरों का भी इस्तेमाल किया जाएगा।

पूरे जिले को कई सुरक्षा सेक्टरों में बांटा गया

बेहतर निगरानी के लिए जिले को 9 सुपर जोन, 16 जोन, 230 सब सेक्टर और 6 सुपर सुपर जोन में विभाजित किया गया है। सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी के लिए 6 एएसपी, 16 डीएसपी और 30 इंस्पेक्टर समेत बड़ी संख्या में अधिकारियों की तैनाती की गई है। सभी अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

ब्लैक सी में फंसे 13 भारतीय! जहाज के चारों ओर ड्रोन-मिसाइल हमले, हर पल मौत का खतरा

ड्रोन और आधुनिक तकनीक से होगी निगरानी

पुलिस ने बताया कि विशेष ड्रोन कैमरे 500 से 600 मीटर तक की दूरी पर संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने में सक्षम हैं। इसके अलावा संवेदनशील स्थानों पर लगातार पेट्रोलिंग की जाएगी। पुलिस का उद्देश्य कांवड़ यात्रा के दौरान किसी भी अप्रिय घटना को रोकना और श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।

कांवड़ यात्रा से पहले मुज़फ़्फ़रनगर में हाई अलर्ट! BDDS और डॉग स्क्वॉड की रेड ने बढ़ाई हलचल

पड़ोसी राज्यों से भी बनाया गया समन्वय

मुज़फ़्फ़रनगर पुलिस ने हरियाणा, उत्तराखंड, राजस्थान, दिल्ली समेत पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई जिलों की पुलिस के साथ समन्वय स्थापित किया है। एसएसपी संजय कुमार वर्मा ने भरोसा जताया कि आधुनिक तकनीक, सख्त निगरानी और बेहतर समन्वय के जरिए कांवड़ यात्रा-2026 को शांतिपूर्ण और सुरक्षित ढंग से संपन्न कराया जाएगा।

Location :  Muzaffarnagar

Published :  29 July 2026, 10:58 AM IST

Advertisement