हिंदी
मुजफ्फरनगर में भीषण आग (Img: Google)
Muzaffarnagar: मुजफ्फरनगर की एशिया की सबसे बड़ी गुड़ मंडी नवीन मंडी उस समय दहशत में आ गई जब देर रात गेट नंबर 5 के पास स्थित एक बड़े गोदाम में अचानक भीषण आग लग गई। गोदाम में खल, क्रोकरी और प्लास्टिक का भारी स्टॉक रखा हुआ था, जिससे आग तेजी से फैल गई और पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची, लेकिन प्लास्टिक सामग्री के कारण आग और ज्यादा भड़क गई। हालात बिगड़ते देख आसपास के क्षेत्रों से भी 7 दमकल गाड़ियों को बुलाना पड़ा। आग इतनी तेज थी कि उसे काबू में लाना आसान नहीं रहा।
दमकल विभाग ने क्रेन की मदद से गोदाम की दीवारें तोड़कर आग पर काबू पाने की कोशिश की। करीब 7 से 8 घंटे तक चले इस ऑपरेशन के बाद आग पर पूरी तरह नियंत्रण पाया जा सका। इस दौरान फायर ब्रिगेड की 7 गाड़ियां लगातार काम में जुटी रहीं।
हालांकि राहत की बात यह रही कि कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन गोदाम में रखा पूरा सामान जलकर राख हो गया। शुरुआती अनुमान के मुताबिक मालिक को भारी आर्थिक नुकसान होने की आशंका जताई जा रही है।
अभी तक आग लगने के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। दमकल अधिकारी आर.के. यादव के अनुसार, प्रथम दृष्टि में प्लास्टिक और अन्य ज्वलनशील सामान के कारण आग तेजी से फैली, लेकिन असली कारण जांच के बाद ही सामने आएगा।
Muzaffarnagar News: घायल बदमाश का पुलिस को टशन, एनकाउंटर के बाद भी किया ऐसा काम… पढे़ं पूरी खबर
इस भीषण घटना ने पूरे मंडी क्षेत्र में चिंता बढ़ा दी है। व्यापारी वर्ग में भी डर का माहौल है और लोग आग के कारणों की जांच की मांग कर रहे हैं। फिलहाल प्रशासन मामले की जांच में जुटा है।
Location : Muzaffarnagar
Published : 7 May 2026, 11:42 AM IST
Topics : crime news Muzaffarnagar Fire UP News UP Police