हिंदी
बाढ़ प्रभावित गांवों में प्रशासन अलर्ट (फोटो: डाइनामाइट न्यूज़)
Muzaffarnagar: उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जनपद में लगातार बढ़ रहे जलस्तर को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। जिलाधिकारी, एसएसपी और एसडीएम लगातार बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर हालात का जायजा ले रहे हैं। इसी क्रम में सदर एसडीएम प्रवीण कुमार द्विवेदी पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बाढ़ प्रभावित गांवों में पहुंचे, जहां उन्होंने ग्रामीणों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं और राहत कार्यों का निरीक्षण किया।
सदर एसडीएम प्रवीण कुमार द्विवेदी ट्रैक्टर के माध्यम से जलभराव वाले क्षेत्रों तक पहुंचे और बढ़ते जलस्तर का मौके पर निरीक्षण किया। अधिकारियों ने गांव-गांव जाकर लोगों का हालचाल जाना तथा राहत एवं सुरक्षा व्यवस्थाओं की समीक्षा की।
प्रशासन की ओर से बाढ़ प्रभावित इलाकों में नावों की व्यवस्था की गई है, ताकि जरूरत पड़ने पर लोगों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाया जा सके। वहीं जलनिकासी के लिए पंपिंग सेट भी लगाए गए हैं, जिससे प्रभावित क्षेत्रों से पानी निकालने का कार्य लगातार जारी है।
निरीक्षण के दौरान ग्रामीणों ने अधिकारियों के सामने अपनी समस्याएं रखते हुए सोनाली नदी पर स्थायी तटबंध बनाए जाने की मांग उठाई। उनका कहना है कि हर वर्ष बाढ़ के कारण खेती और जनजीवन प्रभावित होता है, इसलिए स्थायी समाधान जरूरी है।
इस पर एसडीएम प्रवीण कुमार द्विवेदी ने भरोसा दिलाया कि प्रशासन किसानों और ग्रामीणों के साथ खड़ा है तथा हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि बाढ़ की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और राहत कार्यों में किसी तरह की कमी नहीं आने दी जाएगी।
Location : Muzaffarnagar
Published : 11 July 2026, 7:18 PM IST