Kasganj Horror: कासगंज में खौफनाक घटना, ट्यूबवेल की छत पर महिला का शव मिला, जांच में जुटी पुलिस

कासगंज के सदर कोतवाली क्षेत्र में खेत के ट्यूबवेल की छत पर युवती का शव मिला। पुलिस ने गला रेतकर हत्या की बात कही है। दुष्कर्म की आशंका के बीच फॉरेंसिक टीम जांच में जुटी है।

Post Published By: Rohit Goyal
Updated : 23 September 2026, 12:59 PM IST
google-preferred

Kasganj: उत्तर प्रदेश के कासगंज जिले में बुधवार सुबह सनसनीखेज मामला सामने आया। सदर कोतवाली क्षेत्र के अशोक नगर लाइन पार इलाके में खेत पर बने ट्यूबवेल की छत पर एक युवती का शव मिला। युवती की हत्या गला रेतकर किए जाने की बात सामने आई है।

शव मिलने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल को सुरक्षित कर जांच शुरू कर दी।

नग्न अवस्था में मिला शव, दुष्कर्म की आशंका

जानकारी के मुताबिक, युवती का शव बिना कपड़ों के मिला। परिजनों और स्थानीय लोगों ने दुष्कर्म के बाद हत्या की आशंका जताई है। हालांकि, पुलिस ने अभी तक इसकी पुष्टि नहीं की है। घटना की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

पुलिस के अनुसार, युवती मंगलवार रात से लापता थी। उसका घर घटनास्थल से करीब सवा किलोमीटर दूर बताया जा रहा है। पुलिस को आशंका है कि हत्या के बाद शव को ट्यूबवेल की छत पर लाकर फेंका गया।

डीआईजी और एसपी ने लिया घटनास्थल का जायजा

घटना की जानकारी मिलते ही डीआईजी प्रभाकर चौधरी, एसपी ओपी सिंह, सीओ सदर आंचल चौहान समेत कई अधिकारी मौके पर पहुंचे।

डॉग स्क्वाड और फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा हत्या का राज

एसपी ओपी सिंह ने बताया कि परिजनों से पूछताछ और घटनास्थल के निरीक्षण के आधार पर कई अहम जानकारियां सामने आई हैं, जिनकी जांच की जा रही है।

युवती की हत्या गला रेतकर की गई है। हत्या की वजह और अन्य तथ्यों का पता लगाने के लिए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।

Location :  kasganj

Published :  23 September 2026, 12:59 PM IST

Related News

Advertisement