हिंदी
अस्पताल के बाहर पीड़ित परिवार (Image: Social Media)
Greater Noida News: दनकौर-सिकंदराबाद रोड स्थित चीती गांव के पास एक निजी अस्पताल में डिलीवरी के दौरान नवजात की मौत का मामला सामने आया है। घटना के बाद पीड़ित परिवार ने अस्पताल संचालक और डॉक्टरों पर इलाज में लापरवाही का आरोप लगाया है। वहीं, प्रसूता अन्नू की हालत भी गंभीर बताई जा रही है और उसका दूसरे अस्पताल में इलाज चल रहा है।
चीती गांव निवासी अमन ने बताया कि 18 अगस्त की रात उनकी भाभी अन्नू को प्रसव पीड़ा हुई थी। इसके बाद परिजन उन्हें गांव के पास स्थित एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उन्हें भर्ती कराया गया। परिजनों ने बताया कि डॉक्टरों ने अन्नू की हालत गंभीर बताते हुए ऑपरेशन के जरिए डिलीवरी कराने की सलाह दी थी। परिवार का आरोप है कि ऑपरेशन के दौरान डॉक्टरों की लापरवाही के कारण नवजात बच्चे की मौत हो गई।
परिजनों का आरोप है कि ऑपरेशन के दौरान बच्चे को ज्यादा खींचने की वजह से उसकी जान चली गई। वहीं, डिलीवरी के बाद अन्नू की हालत भी बिगड़ गई, जिसके बाद उसे ग्रेटर नोएडा के एक अन्य अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है। परिवार का कहना है कि घटना के बाद उन्होंने स्थानीय पुलिस से शिकायत की थी, लेकिन कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद उन्होंने बुधवार शाम एसीपी थर्ड से दोबारा शिकायत की।
पीड़ित परिवार ने मामले में सीएमओ से भी शिकायत कर अस्पताल और डॉक्टरों के खिलाफ जांच की मांग की है। परिवार का कहना है कि अगर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो वह मुख्यमंत्री से भी शिकायत करेंगे। फिलहाल शिकायत के बाद पुलिस और स्वास्थ्य विभाग स्तर से मामले की जांच की मांग की गई है। जांच के बाद ही घटना की वास्तविक वजह सामने आ सकेगी।
Location : Greater Noida News
Published : 3 September 2026, 3:52 AM IST