हिंदी
शक्ति मोहन अवस्थी ,महाराजगंज एसपी(Source: Google)
Maharajganj: महाराजगंज जनपद की साइबर पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए टेलीग्राम के माध्यम से लोगों से ठगी करने वाले एक अंतर्राज्यीय गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने गिरोह के सरगना समेत सात सदस्यों को गिरफ्तार किया है, जबकि चार अन्य आरोपी अब भी फरार हैं। पुलिस अधीक्षक (SP) शक्ति मोहन अवस्थी ने बताया कि यह कार्रवाई साइबर क्राइम थाना द्वारा “प्रतिबिम्ब पोर्टल/हॉटस्पॉट” के तहत की गई है।
शुक्रवार को पुलिस ने निचलौल थाना क्षेत्र से पांच मुख्य आरोपियों और एक नाबालिग को हिरासत में लिया। इस गिरफ्तारी में निचलौल इलाके में सक्रिय आपराधिक गैंग 0007 का सरगना कार्तिक पटेल समेत कुल 7 लोग पकड़े गए है। पुलिस ने इनके पास से भारी मात्रा में फर्जी आधार कार्ड, पैन कार्ड, पासबुक, चेकबुक, क्रेडिट कार्ड और एक चार पहिया वाहन बरामद किया है। आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं और आईटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
नेपाल हादसे के बाद 19 भारतीय तीर्थयात्री सुरक्षित भारत लाए गए, गोरखपुर में चल रहा इलाज
जांच में सामने आया है कि इस गिरोह ने आगरा के एक युवक को टेलीग्राम ग्रुप के जरिए निवेश कर कम समय में पैसा दोगुना करने का लालच दिया था। झांसे में आकर युवक ने विभिन्न खातों में करीब 7 लाख रुपये ट्रांसफर कर दिए। आरोपियों ने इस रकम को एटीएम और चेक के माध्यम से निकालकर आपस में बांट लिया था।
Sonbhadra News: निशा विश्वकर्मा को न्याय दिलाने की मांग को लेकर सपा का प्रदर्शन, भाजपा पर गंभीर आरोप
एसपी शक्ति मोहन अवस्थी के अनुसार गिरोह का मुख्य मास्टरमाइंड रवि प्रताप सिंह है। वह स्थानीय जनसेवा केंद्र संचालकों और ग्रामीणों को हर ट्रांजैक्शन पर 2 से 2.5 प्रतिशत कमीशन का लालच देकर उनके बैंक खाते हासिल करता था। गिरोह ने फर्जी आधार कार्ड के जरिए कई बेनामी बैंक खाते भी खुलवाए थे, जिनका इस्तेमाल ठगी की रकम मंगवाने के लिए किया जाता था।
एसपी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में स्पष्ट किया कि जनपद में साइबर अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने जनता से अपील की है कि वे टेलीग्राम या अन्य सोशल मीडिया ऐप पर अनजान लोगों द्वारा दिए जा रहे निवेश के लालच में न आएं और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत साइबर सेल को दें।
Location : Maharajganj
Published : 24 April 2026, 6:29 PM IST
Topics : Cyber Crime Maharajganj maharajganj police Online Scam UP SP Shakti Mohan Avasthi Telegram Fraud Case