हिंदी
किशोर का बाइक समेत अपहरण फोटो सोर्स-डाइनामाइट न्यूज
कौशाम्बी: जिले में बदमाशों के हौसले बुलंद नजर आ रहे हैं। मंझनपुर कोतवाली क्षेत्र के भद्दुरपुर गांव में घर से 15 वर्षीय किशोर का बाइक समेत अपहरण किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि बदमाश किशोर प्रशांत शुक्ला पुत्र आशीष शुक्ला को जबरन अपने साथ ले गए और उसका मुंह व हाथ बांध दिया। करीब 20 किलोमीटर दूर पहुंचने पर किशोर ने हिम्मत दिखाते हुए बदमाशों के चंगुल से भागकर अपनी जान बचाई।
लॉक लगाकर मौके से फरार
जानकारी के मुताबिक, प्रशांत शुक्ला अपनी बाइक के साथ घर पर था। इसी दौरान बदमाश उसे बाइक समेत अगवा कर कोखराज थाना क्षेत्र की तरफ लेकर जाने लगे। रास्ते में रोही ओवरब्रिज के पास मौका मिलते ही प्रशांत ने चलती बाइक से छलांग लगा दी और बदमाशों के चंगुल से भाग निकला। अचानक किशोर के कूदकर भागने से बदमाश घबरा गए। इसके बाद वे बाइक में लॉक लगाकर मौके से फरार हो गए।
गांव के विकास का वीडियो वायरल करना पड़ा भारी? कमलेश पाल के मामले में दो लोगों के खिलाफ शिकायत दर्ज
बदमाशों से बचने के बाद प्रशांत पास के एक होटल पर पहुंचा और वहां से फोन कर अपने परिजनों को पूरी घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही परिजन घबराकर गांव से रवाना हुए और मौके पर पहुंचे। इसके बाद डायल 112 और भरवारी चौकी पुलिस को घटना की सूचना दी गई।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके से बाइक को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। किशोर से भी घटना के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है। घर से किशोर को बाइक समेत उठाए जाने और करीब 20 किलोमीटर दूर जाकर उसके भागने की घटना से इलाके में सनसनी फैल गई है। फिलहाल पुलिस मामले की छानबीन कर रही है और बदमाशों की पहचान तथा घटना के पीछे की वजह का पता लगाने में जुटी है।
Location : Kaushambi
Published : 27 October 2026, 5:01 PM IST