हिंदी
SSP से लगाई सुरक्षा की गुहार फोटो सोर्स-डाइनामाइट न्यूज
मुजफ्फरनगर: जनपद मुजफ्फरनगर के खतौली थाना क्षेत्र में प्रेम विवाह करने वाले एक प्रेमी युगल ने अपने परिजनों से जान का खतरा बताते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सूरज कुमार राय से सुरक्षा की गुहार लगाई है। प्रेमी युगल का कहना है कि उन्होंने अपनी मर्जी से प्रेम विवाह किया है, लेकिन युवती के परिजन इस रिश्ते से नाराज हैं। ऐसे में उन्हें अपनी जान का खतरा बना हुआ है।
एसएसपी को दिए प्रार्थना पत्र में युवती ने अपनी जन्मतिथि 25 जनवरी 2007 बताते हुए कहा कि उसने अपनी मर्जी से, बिना किसी दबाव, जोर-जबरदस्ती, बहकावे या लालच के मोहम्मद शान पुत्र मोहम्मद शाह फैसल निवासी मोहल्ला बालकराम, कस्बा खतौली के साथ 21 सितंबर 2026 को प्रेम विवाह किया है। युवती के अनुसार, वह और मोहम्मद शान पिछले करीब सात वर्षों से एक-दूसरे से प्रेम करते हैं और दोनों अपनी जिंदगी साथ बिताना चाहते थे।
युवती ने आरोप लगाया कि मोहम्मद शान के परिवार वाले कई बार उसके घर शादी का रिश्ता लेकर पहुंचे थे, लेकिन उसके परिजनों ने उनके साथ कथित रूप से अभद्र व्यवहार करते हुए उन्हें बेइज्जत कर घर से बाहर निकाल दिया। इसके बाद दोनों ने अपने परिवारों की असहमति के चलते प्रेम विवाह करने का निर्णय लिया।
युवती ने अपने पिता शकील अहमद, माता गुलशन, भाइयों शादान अंसारी और अलतमश तथा चाचा अरशद, शहजाद और इमरान से खुद और अपने पति की जान को खतरा बताया है। उसका आरोप है कि परिजन दोनों के साथ कोई अप्रिय घटना कर सकते हैं।
वहीं, मोहम्मद शान ने भी बताया कि उसका परिवार युवती के घर शादी का रिश्ता लेकर गया था, लेकिन वहां उनके परिवार का अपमान किया गया। इसके बाद दोनों ने कोर्ट मैरिज करने का फैसला लिया। प्रेमी युगल ने एसएसपी से अपनी जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित कराने और मामले में उचित कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।
Location : मुजफ्फरनगर
Published : 27 October 2026, 5:36 PM IST
Topics : 7 Years Love Story love marriage case UP News