हिंदी
आम आदमी पार्टी की बैठक
Lucknow : आम आदमी पार्टी उत्तर प्रदेश के व्यापार प्रकोष्ठ की प्रथम प्रादेशिक बैठक बुधवार को लखनऊ स्थित प्रदेश कार्यालय में नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष मनोज मिश्रा के नेतृत्व में सफलतापूर्वक संपन्न हुई। बैठक में प्रदेशभर से आए व्यापारियों, छोटे कारोबारियों, रेडी-पटरी संचालकों और सर्राफा व्यापारियों की समस्याओं पर विस्तृत चर्चा की गई।
मनोज मिश्रा ने कहा कि आज प्रदेश का छोटा व्यापारी, ठेला-खोमचा लगाने वाला, रेडी-पटरी संचालक और मध्यम कारोबारी आर्थिक और सामाजिक संकट से गुजर रहा है। बढ़ती महंगाई, प्रशासनिक उत्पीड़न, स्थानीय दबंगों की गुंडागर्दी और सरकारी उपेक्षा के कारण व्यापारी वर्ग आत्महत्या तक करने को मजबूर हो रहा है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में कानून व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है और व्यापारी भय के माहौल में अपना व्यवसाय करने को मजबूर हैं। उन्होंने चित्रकूट की घटना का जिक्र करते हुए कहा कि खुलेआम व्यापारियों को गोली मारी जा रही है और सरकार मूकदर्शक बनी हुई है।
Gold Price Today: यूपी में सोना हुआ सस्ता, चांदी ने लगाई छलांग; लखनऊ से नोएडा तक बदले भाव
नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष मनोज मिश्रा ने केंद्र सरकार की आर्थिक नीतियों पर हमला बोलते हुए कहा कि हाल ही में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा लोगों से एक वर्ष तक सोना न खरीदने की अपील ने सर्राफा कारोबारियों के सामने बड़ा संकट खड़ा कर दिया है। उन्होंने कहा कि सर्राफा व्यापारी करोड़ों रुपये का निवेश कर कारोबार चलाते हैं, बैंक ऋण और ईएमआई भरते हैं, दुकान का किराया और कर्मचारियों का वेतन देते हैं। ऐसे में यदि सरकार स्वयं लोगों से खरीदारी न करने की अपील करेगी तो हजारों व्यापारी बर्बाद हो जाएंगे। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी सर्राफा व्यापारियों के हितों की रक्षा के लिए सड़कों पर उतरकर आंदोलन करेगी।
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार की नीतियां केवल बड़े उद्योगपतियों और पूंजीपतियों को लाभ पहुंचाने के लिए बनाई जा रही हैं। छोटे व्यापारी भी टैक्स उसी तरह भरते हैं जैसे बड़े कारोबारी भरते हैं, लेकिन सुरक्षा, स्वास्थ्य सुविधा और सरकारी संरक्षण के मामले में उनके साथ भेदभाव किया जाता है। मनोज मिश्रा ने मांग करते हुए कहा कि 50 हजार रुपये से लेकर 10 लाख रुपये तक का व्यापारिक ऋण लेने वाले छोटे व्यापारियों का कर्ज तत्काल माफ किया जाना चाहिए। उन्होंने सवाल उठाया कि जब प्रधानमंत्री मोदी अपने बड़े व्यापारी मित्रों के हजारों करोड़ रुपये के कर्ज माफ कर सकते हैं तो छोटे व्यापारियों के साथ अन्याय क्यों किया जा रहा है।
मनोज मिश्रा ने कहा कि आम आदमी पार्टी उत्तर प्रदेश का व्यापार प्रकोष्ठ प्रदेशभर में संगठन को मजबूत करते हुए व्यापारियों की आवाज को मजबूती से उठाएगा और हर जिले में व्यापारी संवाद कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि व्यापारी वर्ग देश और प्रदेश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ है, लेकिन भाजपा सरकार ने इस वर्ग को केवल टैक्स वसूली का माध्यम बनाकर छोड़ दिया है।
Location : Lucknow
Published : 13 May 2026, 5:13 PM IST