हिंदी
यूपी की हर बड़ी खबर एक जगह (Source: Dynamite News)
Lucknow: देश की राजधानी दिल्ली से संचालित उत्तर प्रदेश की खबरों का नंबर-1 चैनल डाइनामाइट न्यूज़ नये प्रयोगों, बिग ब्रेकिंग समाचारों के साथ अपने कलेवर के लिए जाना जाता है। देश के सबसे अधिक जनसंख्या वाले राज्य यूपी का नंबर-1 चैनल होने के नाते हम अपने पाठकों के लिये खबरों की प्रस्तुतिकरण का नया अंदाज लेकर सामने आये हैं, जिससे प्रदेश वासियों को समाचारों का जानने का एक नया अनुभव मिलेगा। अपने पाठकों के लिये हम पेश कर रहे हैं यूपी की खबरों का एक लाइव ब्लॉग, जिसमें एक ही खबर में, एक ही जगह और एक क्लिक में आपको उत्तर प्रदेश की सभी खबरें एक साथ पढ़ने को मिलेंगी।
बदायूं के बिल्सी थाना क्षेत्र के सतेती चौराहे के पास शुक्रवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हो गया, जहां सड़क किनारे खड़ी रोडवेज बस में पीछे से एक तेज रफ्तार टेंपो अनियंत्रित होकर जा घुसा। टक्कर इतनी जोरदार थी कि टेंपो के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार करीब आधा दर्जन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और चीख-पुकार सुनकर स्थानीय लोग तुरंत मदद के लिए दौड़े। सूचना मिलते ही बिल्सी पुलिस मौके पर पहुंची और एंबुलेंस की मदद से सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने सभी की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल बदायूं रेफर कर दिया है।
कानपुर नगर के अरौल थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में लोडर के क्लीनर की जलकर मौत हो गई। कानपुर से फर्रुखाबाद की ओर ई-बाइक लादकर जा रहा लोडर, कानपुर-अलीगढ़ हाईवे और आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे के पास अंडरपास के समीप एक खड़े कंटेनर से टकरा गया।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि लोडर में आग लग गई और देखते ही देखते उसने विकराल रूप ले लिया। इस हादसे में चालक किसी तरह बाहर निकलने में कामयाब रहा, लेकिन भीतर मौजूद क्लीनर को बाहर निकलने का मौका नहीं मिला और वह आग की चपेट में आ गया। सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।
चित्रकूट के मऊ थाना क्षेत्र के बेल्हौरा गांव में दुर्गा प्रतिमा देखने गए 13-14 वर्षीय किशोर रघुवीर की अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। रात में पंडाल के पास हैंडपंप से पानी पीने के बाद उसके पेट में तेज दर्द हुआ, उल्टियां हुईं और रास्ते में वह अघोषित रूप से गिर पड़ा।
परिजन उसे सीएचसी रामनगर ले गए, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। पिता के अनुरोध पर पुलिस ने शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह ने बताया कि मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही होगा, जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर दौरे पर पहुंचे अपना दल (एस) नेता व कैबिनेट मंत्री आशीष पटेल ने समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि भारत में राजनीति करने वाली किसी भी पार्टी की औकात नहीं है जो आरक्षण को खत्म कर सके।
उन्होंने कहा कि हमारी पार्टी कमेरा समाज और वंचित वर्ग की राजनीति करती है, और आरक्षण से जुड़ा कोई भी विषय पार्टी प्रमुखता से उठाती है। कांग्रेस-CJP विरोध पर उन्होंने कहा कि किसी को भी संवैधानिक संस्था पर टिप्पणी नहीं करनी चाहिए। अंत में दावा किया कि यूपी में जनता का वोट साइलेंट तरीके से एनडीए के पक्ष में जाने वाला है और एक बार फिर एनडीए की सरकार बनेगी।
सुल्तानपुर। जिला सुरक्षा संगठन सुल्तानपुर की आवश्यक बैठक पुलिस लाइन सभागार में पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में जिलाधिकारी इंद्रजीत सिंह मौजूद रहे। इस दौरान संगठन की गतिविधियों, प्रशासन के साथ समन्वय और आगामी दुर्गा पूजा को सकुशल संपन्न कराने पर चर्चा हुई।
बैठक में संगठन के अध्यक्ष डॉ. राजीव श्रीवास्तव और महासचिव मोहम्मद इलियास खान ने जिलाधिकारी को अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया तथा संगठन की कार्ययोजना सौंपी। वहीं, संरक्षक कमल नयन पाण्डेय और संयोजक आशीष अग्रवाल ने पुलिस अधीक्षक को अंगवस्त्र और कार्ययोजना भेंट की।

हाथरस। प्रारम्भिक अर्हता परीक्षा (पीईटी)-2026 को निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिलाधिकारी सत्य प्रकाश पटेल की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक हुई। जिलाधिकारी ने सभी परीक्षा केंद्रों के प्रत्येक कक्ष में क्रियाशील सीसीटीवी कैमरे, निर्बाध बिजली आपूर्ति और परीक्षार्थियों के लिए आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा भी मौजूद रहे।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि बिजली बाधित होने की स्थिति में परीक्षा प्रभावित न हो, इसके लिए जनरेटर चालू हालत में रखे जाएं। केंद्रों पर स्वच्छ पेयजल, पर्याप्त प्रकाश और सामान सुरक्षित रखने के लिए क्लॉक रूम की व्यवस्था की जाए। परीक्षा से पहले सभी केंद्रों का निरीक्षण कर कमियों को दूर किया जाए। परीक्षा केंद्रों के भीतर मोबाइल फोन और अन्य आईटी गैजेट्स ले जाना प्रतिबंधित रहेगा। अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे स्मार्टवॉच, ब्लूटूथ डिवाइस, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, नकल सामग्री और परीक्षा से संबंधित अनधिकृत कागज साथ न लाएं। प्रतिबंधित वस्तुओं की अंतिम सूची के लिए प्रवेश पत्र पर दिए गए निर्देशों का पालन करना जरूरी होगा।

कौशांबी। संदीपन घाट थाना क्षेत्र के सिकंदरपुर बजहा गांव में उस समय हड़कंप मच गया, जब एक युवती मोबाइल टावर पर चढ़ गई। युवती को टावर पर चढ़ा देख मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। काफी देर तक चले घटनाक्रम के चलते गांव में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
जानकारी के मुताबिक, युवती चरवा थाना क्षेत्र के गोगी गांव की रहने वाली है। बताया जा रहा है कि वह प्रेम विवाह को लेकर अपने घरवालों से नाराज चल रही थी। इसी नाराजगी के चलते शुक्रवार शाम वह सिकंदरपुर बजहा गांव पहुंची और वहां स्थित मोबाइल टावर पर चढ़ गई। युवती के टावर पर चढ़ने की खबर फैलते ही लोग मौके पर पहुंचने लगे।

हाथरस। कलेक्ट्रेट सभागार में शुक्रवार को कृषक उत्पादक संगठन (एफपीओ) और प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। जिलाधिकारी सत्य प्रकाश पटेल ने संबंधित अधिकारियों को योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार कराने तथा पात्र किसानों तक उनका लाभ पारदर्शी तरीके से पहुंचाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसानों की आय बढ़ाने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के लिए कृषि क्षेत्र को मजबूत करना आवश्यक है।
बैठक में जिलाधिकारी ने कहा कि कृषक उत्पादक संगठनों के माध्यम से किसानों को कृषि उत्पादों की गुणवत्ता सुधारने के साथ ही प्रोसेसिंग, पैकेजिंग, ब्रांडिंग और मार्केटिंग के बेहतर अवसर उपलब्ध कराए जा सकते हैं। इससे किसान बिचौलियों पर निर्भरता कम कर अपनी उपज का उचित मूल्य प्राप्त कर सकेंगे। उन्होंने एफपीओ की वित्तीय स्थिरता, कृषि निवेश की उपलब्धता, बाजार तक पहुंच और गुणवत्ता मानकों से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए मुख्य विकास अधिकारी को विशेष कार्यशाला आयोजित कराने के निर्देश दिए।

प्रतापगढ़। फतनपुर थाना क्षेत्र के स्थानीय बाजार में शुक्रवार की आधी रात बदमाशों ने दुस्साहस का नंगा नाच दिखाया। करीब एक बजे घर में घुसे चार-पांच बेखौफ बदमाशों ने डकैती का विरोध करने पर टाइनी शाखा संचालक की पत्नी की पीट-पीटकर बेरहमी से हत्या कर दी। वहीं, पति को बंधक बनाकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। बदमाश घर से 90 हजार रुपये नकद और लाखों रुपये के सोने-चांदी के जेवरात लूटकर फरार हो गए। इस सनसनीखेज वारदात से पूरे इलाके में कोहराम मच गया है और स्थानीय बाजार के लोगों में भारी आक्रोश है।

सिद्धार्थनगर। जिले के बेसिक शिक्षा विभाग से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है। दावा किया जा रहा है कि वायरल वीडियो में BSA कार्यालय में तैनात बाबू मनीष उपाध्याय किसी काम के एवज में 20 हजार रुपये मांगते नजर आ रहे हैं। वीडियो को लेकर यह भी आरोप लगाया जा रहा है कि बातचीत के दौरान खंड शिक्षा अधिकारी और जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी के नाम का भी उल्लेख किया जा रहा है।
वीडियो सामने आने के बाद अब लोगों की निगाहें विभागीय अधिकारियों और जिला प्रशासन की कार्रवाई पर टिकी हैं। यदि वीडियो में लगाए जा रहे आरोप सही पाए जाते हैं, तो यह सरकारी कार्यालयों में कामकाज की पारदर्शिता और जवाबदेही से जुड़ा गंभीर मामला है।
बलिया। गड़वार पुलिस ने शनिवार की भोर में मुठभेड़ के दौरान शातिर गौ तस्कर को घायल कर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में उसके बाएं पैर में गोली लगी। घायल अभियुक्त को उपचार के लिए सीएचसी रतसर भेजा गया। उसके कब्जे से तमंचा, तीन कारतूस बरामद हुआ।
पुलिस के अनुसार, 17 अक्टूबर की रात करीब 12:55 बजे गड़वार पुलिस नहर किनारे शाहपुर नट बस्ती के पास नहर पुलिया पर गश्त और चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि वांछित गौ तस्कर वहां मौजूद है। पुलिस टीम ने घेराबंदी की तो आरोपी ने बचने के लिए पुलिसकर्मियों पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी।आत्मरक्षार्थ पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें उसके बाएं पैर में गोली लग गई।

Location : Lucknow
Published : 17 October 2026, 11:17 AM IST