फतेहपुर में रिश्वतखोरी पर बड़ा वार, 50 हजार रुपये लेते रंगे हाथ पकड़ा गया कंप्यूटर ऑपरेटर

फतेहपुर के हथगांव विकास खंड में एंटी करप्शन संगठन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कंप्यूटर ऑपरेटर हफीजुर्रहमान को 50 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया। आरोपी पर नाली और सड़क निर्माण कार्य के भुगतान के बदले घूस मांगने का आरोप है।

Post Published By: Asmita Patel
Updated : 3 August 2026, 7:36 PM IST
google-preferred

Fatehpur: फतेहपुर के हथगांव विकास खंड कार्यालय में सोमवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब एंटी करप्शन संगठन की टीम ने एक कंप्यूटर ऑपरेटर को 50 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। आरोप है कि ग्राम पंचायत में कराए गए विकास कार्यों का भुगतान जारी करने के बदले कर्मचारी ने घूस मांगी थी। शिकायत की पुष्टि होते ही एंटी करप्शन टीम ने जाल बिछाया और आरोपी को रकम लेते ही दबोच लिया।

विकास कार्यों के भुगतान के बदले मांगी गई थी रिश्वत

एंटी करप्शन संगठन के प्रेस नोट के अनुसार, शिकायतकर्ता संतोष कुमार, जो ग्राम पंचायत सुरजीपुर के ग्राम प्रधान हैं, ने भ्रष्टाचार निवारण संगठन से शिकायत की थी कि उनकी ग्राम पंचायत में नाली और सड़क निर्माण कार्य पूरा होने के बावजूद भुगतान जारी नहीं किया जा रहा था।

शिकायत सही मिलने पर बिछाया गया जाल

शिकायतकर्ता ने 31 जुलाई 2026 को प्रयागराज स्थित भ्रष्टाचार निवारण संगठन में लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत मिलने के बाद एंटी करप्शन संगठन ने पूरे मामले का सत्यापन कराया। जांच में प्रथम दृष्टया आरोप सही पाए जाने के बाद ट्रैप की योजना तैयार की गई। इसके लिए 13 सदस्यीय विशेष टीम का गठन किया गया।

फतेहपुर से अचानक गायब हुई हाईस्कूल छात्रा, कानपुर में मिली… सामने आई चौंकाने वाली कहानी

50 हजार रुपये लेते ही दबोचा गया आरोपी

सोमवार 3 अगस्त 2026 को एंटी करप्शन संगठन प्रयागराज मंडल की टीम विकास खंड कार्यालय हथगांव पहुंची। पहले से तय योजना के तहत शिकायतकर्ता आरोपी को रिश्वत की रकम देने पहुंचा। जैसे ही कंप्यूटर ऑपरेटर ने 50 हजार रुपये अपने कब्जे में लिए, मौके पर मौजूद एंटी करप्शन टीम ने उसे रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।

आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम में केस

गिरफ्तार आरोपी की पहचान हफीजुर्रहमान पुत्र शकील अहमद निवासी हसनपुर थाना कल्याणपुर जनपद फतेहपुर के रूप में हुई है। उसकी उम्र लगभग 38 वर्ष बताई गई है और वह ग्राम विकास विभाग के अंतर्गत विकास खंड हथगांव में कंप्यूटर ऑपरेटर के पद पर तैनात था।

माया और खजाने की चाह में आस्था पर प्रहार, फतेहपुर की खोजकरक बाबा के मजार पर रात में हुआ कुछ ऐसा कि लोग रह गये दंग

सरकारी दफ्तरों में मचा हड़कंप

इस कार्रवाई के बाद विकास खंड हथगांव ही नहीं, बल्कि जिले के अन्य सरकारी कार्यालयों में भी हलचल देखी गई। अधिकारियों का कहना है कि भ्रष्टाचार के मामलों में जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जा रही है और शिकायत मिलने पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी। संगठन ने शिकायत दर्ज कराने के लिए हेल्पलाइन नंबर 9454402490 (प्रयागराज मंडल) और 9454402484 (मुख्यालय कंट्रोल रूम, लखनऊ) जारी किए हैं।

Location :  Fatehpur

Published :  3 August 2026, 7:36 PM IST

Advertisement