हिंदी
प्रतीकात्मक छवि (Img: Pinterest)
Mainpuri: उत्तर प्रदेश के जनपद मैनपुरी में एक घर में परिवार के लोग अपने रोजमर्रा के काम में व्यस्त थे, लेकिन कुछ ही देर में बाहर से आई गोलियों की आवाज ने पूरे इलाके को दहला दिया। हमलावरों ने घर के बाहर से कई राउंड फायरिंग की। इसी दौरान दूसरी मंजिल की खिड़की के पास खड़े एक युवक को गोली लग गई। गंभीर हालत में उसे सैफई रेफर किया गया है।
मामला मैनपुरी के करहल कस्बे में किशनी रोड का बताया जा रहा है। पीड़ित परिवार के मुताबिक बुधवार रात करीब 10:20 बजे कई वाहनों से कुछ हथियारबंद लोग वहां पहुंचे। आरोप है कि घर के बाहर उतरते ही हमलावरों ने अचानक फायरिंग शुरू कर दी। गोलियों की आवाज सुनकर आसपास के लोगों में भी अफरा-तफरी मच गई। इस दौरान घर के अंदर मौजूद परिवार के सदस्यों ने कमरों में छिपकर अपनी जान बचाई।
ये भी पढ़ें: Mainpuri news: जमीन विवाद में भाइयों पर गंभीर आरोप, एसपी से लगाई न्याय की गुहार
फायरिंग के दौरान पीड़ित परिवार का बेटा अर्पित कुमार मकान की दूसरी मंजिल पर मौजूद था। बताया गया कि वह खिड़की के पास खड़ा था। इसी दौरान एक गोली खिड़की का शीशा तोड़ते हुए अंदर पहुंची और अर्पित के सीने में जा लगी।
गोली लगते ही युवक खून से लथपथ होकर गिर पड़ा। घटना के बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई। परिजन तत्काल घायल अर्पित को इलाज के लिए पीजीआई सैफई लेकर पहुंचे, जहां उसका उपचार चल रहा है। परिजनों के मुताबिक अर्पित की हालत गंभीर बनी हुई है और डॉक्टर उसकी निगरानी कर रहे हैं।
घटना के संबंध में घायल के पिता सुनील कुमार ने बताया कि हमलावरों ने घर को निशाना बनाते हुए कई गोलियां चलाईं। अचानक हुई फायरिंग से परिवार के लोग बुरी तरह डर गए।सुनील कुमार के अनुसार, फायरिंग के दौरान परिवार के सदस्यों ने अलग-अलग कमरों में छिपकर अपनी जान बचाई। कुछ देर तक घर के आसपास दहशत का माहौल बना रहा। फायरिंग के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी।
घायल युवक के पिता की तहरीर पर करहल निवासी सम्यक उर्फ लव, संकेत उर्फ लल्ला, आशीष यादव, सौरभ उर्फ टिल्लू और अंशुल पाल समेत 4-5 अन्य लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। पुलिस अब नामजद आरोपियों के साथ अन्य संदिग्धों की भूमिका की भी जांच कर रही है। घटना के पीछे क्या वजह थी और फायरिंग क्यों की गई, इसका पता लगाने के लिए पुलिस विभिन्न बिंदुओं पर जांच कर रही है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश शुरू कर दी है। एसपी ग्रामीण अभिषेक तिवारी ने बताया कि हमलावरों की तलाश की जा रही है।पुलिस अधिकारी के मुताबिक आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर उनके खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस घटना के दौरान इस्तेमाल किए गए वाहनों और हथियारों के बारे में भी जानकारी जुटा रही है।
ये भी पढ़ें: Mainpuri Murder Case: स्कूल से घर लौट रहे शिक्षक की गोली मारकर हत्या, सड़क पर तड़पते रह गए यशपाल
फिलहाल अर्पित कुमार का इलाज पीजीआई सैफई में चल रहा है। गोली सीने में लगने के कारण उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना के बाद करहल कस्बे में भी पुलिस की सक्रियता बढ़ा दी गई है। पुलिस का कहना है कि मामले में शामिल आरोपियों की गिरफ्तारी के साथ फायरिंग की पूरी वजह भी सामने लाई जाएगी।
Location : Mainpuri
Published : 24 September 2026, 1:36 PM IST