Mainpuri: बिजली नहीं तो आंदोलन और तेज होगा! सपा ने DM ऑफिस घेरा

मैनपुरी में बिजली संकट को लेकर ऐसा विरोध देखने को मिला जिसने प्रशासन की नींद उड़ा दी। जिलाधिकारी कार्यालय पर पहुंचे सपाइयों ने जमकर प्रदर्शन किया और बिजली विभाग पर गंभीर आरोप लगाए। किसानों से लेकर आम जनता तक परेशान बताई जा रही है।

Post Published By: Nidhi Kushwaha
Updated : 22 May 2026, 3:43 PM IST
google-preferred

Mainpuri: जनपद मैनपुरी में लगातार हो रही बिजली कटौती और खराब विद्युत व्यवस्था को लेकर समाजवादी पार्टी लोहिया वाहिनी के कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट स्थित जिलाधिकारी कार्यालय पर जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने सरकार और बिजली विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और जिलाधिकारी के नाम ज्ञापन सौंपकर तत्काल व्यवस्था सुधारने की मांग की।

प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे लोहिया वाहिनी के जिलाध्यक्ष रावल सिंह यादव ने कहा कि जिले में बिना किसी पूर्व सूचना के घंटों बिजली काटी जा रही है, जिससे आम जनता, व्यापारी और किसान सभी परेशान हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि बिजली विभाग मनमाने तरीके से काम कर रहा है और लोगों की समस्याओं को गंभीरता से नहीं लिया जा रहा।

किसानों और ग्रामीणों की बढ़ी परेशानी

रावल सिंह यादव ने कहा कि सबसे ज्यादा परेशानी किसानों को उठानी पड़ रही है। खेतों की सिंचाई समय पर नहीं हो पा रही, क्योंकि गांवों में बिजली कभी भी काट दी जाती है। कई इलाकों में लो वोल्टेज और हाई वोल्टेज की समस्या भी बनी हुई है, जिससे घरेलू उपकरण खराब हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि भीषण गर्मी के बीच बिजली संकट ने लोगों का जीना मुश्किल कर दिया है। रात में कटौती होने से बुजुर्ग, महिलाएं और बच्चे सबसे ज्यादा प्रभावित हो रहे हैं। ग्रामीण इलाकों में लोग पूरी रात जागने को मजबूर हैं।

बिहार शिक्षक भर्ती TRE 4 पर आज बड़ा फैसला: CM आवास पर शाम 5 बजे शुरू होगी महाबैठक, लाखों अभ्यर्थियों की नजरें टिकीं

समस्या का समाधान नहीं हुआ तो...

लोहिया वाहिनी के पदाधिकारियों ने साफ कहा कि जब तक बिजली व्यवस्था में सुधार नहीं होगा, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि अगर जल्द समाधान नहीं निकला तो बड़े स्तर पर धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने सरकार पर जनता की समस्याओं की अनदेखी करने का आरोप लगाया। वहीं “कॉकरोच जनता पार्टी” कहकर विरोधियों पर भी निशाना साधा गया।

जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचे सपाइयों ने ज्ञापन के माध्यम से मांग की कि जिले में नियमित बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जाए और खराब विद्युत व्यवस्था को तुरंत सुधारा जाए।

मुजफ्फरनगर में पुलिस चौकी बनी ‘ड्रामा ग्राउंड’, बेटे को बचाने के लिए मां भिड़ी खाकी से

प्रशासन की चुप्पी पर उठे सवाल

प्रदर्शन के बाद लोगों के बीच यह चर्चा भी तेज हो गई कि आखिर इतनी शिकायतों के बावजूद बिजली विभाग और प्रशासन इस मुद्दे पर गंभीर क्यों नहीं दिख रहा। अब देखना होगा कि प्रदर्शन के बाद प्रशासन कोई ठोस कदम उठाता है या नहीं।

Location :  Mainpuri

Published :  22 May 2026, 3:43 PM IST

Advertisement