नहर में कूदी महिला को बचाने के लिए मौत से भिड़ गए दो छात्र, तेज बहाव में लगाई छलांग; SP ने किया सम्मानित

महराजगंज में नहर के तेज बहाव के बीच दो छात्रों ने ऐसा कदम उठाया, जिसे देखकर हर कोई हैरान रह गया। एक महिला को डूबता देख कक्षा 10 के दोनों छात्रों ने अपनी जान की परवाह किए बिना पानी में छलांग लगा दी।

Post Published By: Nidhi Kushwaha
Updated : 12 September 2026, 1:46 PM IST
google-preferred

Maharajganj: निचलौल थाना क्षेत्र में नहर में कूदी महिला की जान बचाने के लिए दो किशोर छात्रों ने अपनी जिंदगी की परवाह किए बिना जो साहस दिखाया, उसने हर किसी को हैरान कर दिया। नहर के तेज बहाव के बीच दोनों छात्रों ने छलांग लगाकर महिला को सकुशल बाहर निकाला। उनकी इस बहादुरी को पुलिस प्रशासन ने सलाम करते हुए प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।

जान की परवाह किए बिना लगाई छलांग

मामला निचलौल थाना क्षेत्र का है। महिला द्वारा नहर में छलांग लगाने की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके के लिए रवाना हुई। हालांकि, पुलिस के पहुंचने से पहले ही वहां मौजूद मसीह सेवाश्रम इंटर कॉलेज के कक्षा 10 के छात्र कृष्णा गुप्ता निवासी सेखुई, थाना चौक और सद्दाम हुसैन निवासी कोहड़वल, थाना निचलौल ने महिला को डूबता देखा।

महिला की जिंदगी बचाने के लिए दोनों छात्रों ने बिना देर किए नहर में छलांग लगा दी। तेज बहाव और खतरे की परवाह किए बिना दोनों ने प्रयास जारी रखा और महिला को सकुशल नहर से बाहर निकाल लिया। छात्रों के इस साहसिक प्रयास से एक महिला की जान बच गई।

ये भी पढ़ें- बुलंदशहर में जिला जज की कार हुई हादसे का शिकार, यहां देखें किसको कितनी चोट लगी

पुलिस ने की छात्रों की तारीफ

घटना की जानकारी पुलिस प्रशासन तक पहुंचने के बाद दोनों छात्रों के साहस की जमकर सराहना की गई। पुलिस ने माना कि दोनों ने संकट की घड़ी में असाधारण साहस और मानवीय संवेदना का परिचय दिया।

एसपी ने किया सम्मानित

इसी क्रम में दोनों बहादुर छात्रों को पुलिस अधीक्षक कार्यालय महराजगंज बुलाया गया। पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने कृष्णा गुप्ता और सद्दाम हुसैन को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। एसपी ने दोनों छात्रों के साहस की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

ये भी पढ़ें- आखिर किस बात से डरी पुलिस? विनोद साहनी के परिजनों से मिलने जा रहे सपा नेताओं को रोके जाने पर गरमाई सियासत

पुलिस अधीक्षक ने कहा कि संकट के समय अपनी जान की परवाह किए बिना किसी दूसरे व्यक्ति की मदद करना बेहद सराहनीय कार्य है। दोनों छात्रों ने जिस तरह साहस दिखाकर महिला की जान बचाई, वह समाज के लिए प्रेरणादायी उदाहरण है।

Location :  Maharajganj

Published :  12 September 2026, 1:46 PM IST

Related News

Advertisement