Maharajganj Tragedy: निर्माणाधीन भवन की दीवार गिरी, डॉक्टर की मौत, बेटा गंभीर

निचलौल कस्बे में निर्माणाधीन मकान गिरने से डॉक्टर की मौत हो गई है। जानिए डाइनामाइट न्यूज पर पूरी खबर

Post Published By: Rohit Goyal
Updated : 28 May 2025, 2:17 PM IST
google-preferred

महराजगंज: जनपद के निचलौल नगर क्षेत्र में बुधवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया। लोहिया नगर वार्ड में निर्माणाधीन भवन की दीवार अचानक गिर गई, जिसकी चपेट में आने से भवन स्वामी और क्षेत्र के प्रसिद्ध नेत्र चिकित्सक डॉ. सूर्य विजय मौर्य की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में उनका बेटा विकास मौर्य गंभीर रूप से घायल हो गया है, जिसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

डाइनामाइट न्यूज संवाददाता को प्राप्त जानकारी के अनुसार, डॉ. मौर्य मूल रूप से ठूठीबारी कस्बे के निवासी थे और निचलौल के लोहिया नगर वार्ड में एक आंखों का निजी अस्पताल संचालित कर रहे थे। हाल ही में उन्होंने इसी वार्ड में एक नया भवन निर्माण कार्य शुरू करवाया था। बुधवार सुबह लगभग 9 बजे वे अपने बेटे विकास के साथ निर्माण स्थल पर कार्य की प्रगति का जायजा लेने पहुंचे थे। इसी दौरान अचानक एक बड़ी दीवार भरभरा कर गिर पड़ी, जिससे दोनों पिता-पुत्र मलबे के नीचे दब गए।

स्थानीय लोगों ने तुरंत दोनों को मलबे से बाहर निकालकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, निचलौल पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने डॉ. सूर्य विजय मौर्य को मृत घोषित कर दिया, जबकि उनके बेटे विकास की हालत गंभीर बताई जा रही है। फिलहाल उनका इलाज जारी है।

घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। थानाध्यक्ष अखिलेश वर्मा ने बताया कि शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है और घटना की जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में दीवार के कमजोर निर्माण की बात सामने आ रही है, हालांकि सटीक कारण की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के अनुसार डॉ. मौर्य की असमय मृत्यु से क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। वे एक लोकप्रिय और सेवाभावी डॉक्टर के रूप में जाने जाते थे। स्थानीय नागरिकों और मरीजों के बीच उनकी गहरी पैठ थी। उनके निधन को चिकित्सा जगत और समाज के लिए बड़ी क्षति माना जा रहा है।

प्रशासन द्वारा घटना की गंभीरता को देखते हुए निर्माण कार्य की गुणवत्ता और संबंधित ठेकेदार की भूमिका की भी जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में दीवार के कमजोर निर्माण हादसे की बड़ी वजह माना जा रहा हैं।

Location : 

Published :