महराजगंज पुलिस का दोहरा एक्शन : गैंगस्टर की संपत्ति कुर्क तो श्रावण में सुरक्षा का कड़ा पहरा

महराजगंज पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट के आरोपी मुक्तिनाथ गुप्ता की ₹8.90 लाख से अधिक की अवैध संपत्ति कुर्क कर दी है। वहीं श्रावण माह में कांवड़ यात्रा, जलाभिषेक और धार्मिक आयोजनों को देखते हुए जिले में सुरक्षा व्यवस्था भी कड़ी कर दी गई है।

Post Published By: Nitin Parashar
Updated : 27 July 2026, 9:36 PM IST
google-preferred

Maharajganj : पुलिस इन दिनों अपराधियों पर शिकंजा कसने के साथ-साथ धार्मिक आयोजनों को सुरक्षित और व्यवस्थित कराने की तैयारी में जुटी है। एक तरफ पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट के आरोपी मुक्तिनाथ गुप्ता के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए उसकी अवैध रूप से अर्जित 8.90 लाख से अधिक की धनराशि कुर्क कर दी है, तो दूसरी ओर श्रावण माह में कांवड़ यात्रा और जलाभिषेक को लेकर जिले में सुरक्षा का खास प्लान तैयार किया गया है। पुलिस का कहना है कि अपराधियों के खिलाफ सख्ती और श्रद्धालुओं की सुरक्षा दोनों पर बराबर नजर रखी जा रही है।

गैंगस्टर की अवैध कमाई पर पुलिस का प्रहार

महराजगंज पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन में थाना ठूठीबारी पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट के आरोपी मुक्तिनाथ गुप्ता पुत्र चुन्नी प्रसाद गुप्ता निवासी माधवनगर तर्कहिया के खिलाफ कार्रवाई की। पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ थाना ठूठीबारी में दर्ज मुकदमा के तहत उत्तर प्रदेश गिरोहबंद एवं समाज विरोधी क्रियाकलाप निवारण अधिनियम में कार्रवाई चल रही थी।

जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि आरोपी ने अवैध गतिविधियों से अर्जित धनराशि बैंक खातों में जमा कर रखी थी। जिलाधिकारी महराजगंज के 20 जुलाई को जारी आदेश के बाद पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट की धारा 14(1) के तहत कार्रवाई करते हुए बैंक खातों में जमा 8,90,526 की धनराशि कुर्क कर ली।

Maharajganj News: महराजगंज में 20 वर्षीय युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, पुलिस हर पहलू की जांच में जुटी

कुर्क संपत्ति की जिम्मेदारी बैंक अधिकारी को दी गई

प्रशासन ने कुर्क की गई धनराशि के संरक्षण और प्रबंधन के लिए लीड बैंक मैनेजर महराजगंज को संबंधित बैंक खातों का रिसीवर और प्रशासक नियुक्त किया है। पुलिस का कहना है कि संगठित अपराध से जुड़े लोगों की अवैध संपत्तियों के खिलाफ आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।

श्रावण में कांवड़ यात्रा को लेकर हाई अलर्ट

दूसरी ओर श्रावण माह में जिले में होने वाले कांवड़ यात्रा, जलाभिषेक और धार्मिक मेलों को देखते हुए पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत कर दिया है। एसपी शक्ति मोहन अवस्थी ने बताया कि प्रमुख शिव मंदिरों, कांवड़ मार्गों और भीड़ वाले स्थानों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने के लिए जल्द ही ट्रैफिक डायवर्जन प्लान जारी किया जाएगा। जिससे श्रद्धालुओं और आम लोगों को किसी तरह की परेशानी न हो।

ड्रोन से होगी निगरानी

महराजगंज के प्रमुख धार्मिक स्थल इटहिया मंदिर में विशेष इंतजाम किए गए हैं। यहां मेला प्रभारी की तैनाती के साथ कंट्रोल रूम बनाया गया है। जहां से भीड़ नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी की जाएगी।

नेपाल सीमा से सटे जिले में सुरक्षा को देखते हुए सीमावर्ती इलाकों में नाकाबंदी और निगरानी बढ़ाई गई है। संवेदनशील स्थानों पर ड्रोन कैमरों से नजर रखी जाएगी। इसके अलावा सोशल मीडिया पर फैलने वाली अफवाहों और भ्रामक सूचनाओं पर भी पुलिस की विशेष निगरानी रहेगी।

Location :  Maharajganj

Published :  27 July 2026, 9:36 PM IST

Related News

Advertisement