नेपाल बॉर्डर पर पकड़ा गया अमेरिकी नागरिक! बैग से मिली ऐसी चीजें कि जांच एजेंसियां भी हो गईं अलर्ट

महराजगंज के सोनौली बॉर्डर पर बिना वैध यात्रा दस्तावेज के भारत में प्रवेश करने की कोशिश कर रहे अमेरिकी नागरिक को एसएसबी ने पकड़ लिया। आरोपी के पास से मोबाइल, नेपाली मुद्रा, पासपोर्ट, एआई ट्रांसलेटर और अन्य सामान बरामद हुआ है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच तेज कर दी है।

Maharajganj: भारत-नेपाल सीमा पर सुरक्षा एजेंसियों की सतर्कता के बीच एक अमेरिकी नागरिक को बिना वैध यात्रा दस्तावेज के भारत में प्रवेश करने का प्रयास करते हुए पकड़ा गया। मामला सोनौली सीमा का है, जहां एसएसबी की 22वीं वाहिनी ने संदिग्ध गतिविधि के आधार पर 36 वर्षीय जॉर्डन ब्राउन, निवासी कैलिफोर्निया (संयुक्त राज्य अमेरिका), को हिरासत में लिया। पूछताछ के बाद उसे सोनौली पुलिस के हवाले कर दिया गया। अब पुलिस और अन्य सुरक्षा एजेंसियां उसके भारत-नेपाल सीमा तक पहुंचने, यात्रा के उद्देश्य और बरामद सामान की गहन जांच में जुटी हैं।

बिना वैध दस्तावेज के सीमा पार करने का आरोप

पुलिस के अनुसार, शनिवार रात करीब 10 बजे आरोपी नेपाल से भारत की ओर प्रवेश करने की कोशिश कर रहा था। जांच के दौरान उसके पास वैध यात्रा दस्तावेज नहीं पाए गए। इसके बाद एसएसबी ने उसे हिरासत में लेकर आवश्यक पूछताछ की और फिर कानूनी कार्रवाई के लिए सोनौली पुलिस को सौंप दिया।

मुकदमा दर्ज, न्यायालय में किया गया पेश

सोनौली पुलिस ने एसएसबी की तहरीर पर थाना सोनौली में मुकदमा संख्या 68/2026 दर्ज किया है। आरोपी के खिलाफ आव्रजन एवं विदेशी अधिनियम, 2025 की धारा 21 और 23 के तहत केस दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

मोबाइल, पासपोर्ट, एआई ट्रांसलेटर समेत कई सामान बरामद

जांच के दौरान आरोपी के पास से मोबाइल फोन, नेपाली मुद्रा, धार्मिक पुस्तकें, एआई ट्रांसलेटर, एक पासपोर्ट, डायरी, घड़ी तथा अन्य निजी सामान बरामद हुआ है। पुलिस इन सभी दस्तावेजों और इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की जांच कर रही है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि आरोपी का भारत आने का वास्तविक उद्देश्य क्या था, वह किन लोगों के संपर्क में था और सीमा पार करने के पीछे कोई अन्य वजह तो नहीं थी।

मॉल का वो अंधेरा बेसमेंट और 7 साल की मासूम… गाजियाबाद में मजदूर की लाडली की हत्या का खौफनाक सच

सीमा पर सुरक्षा एजेंसियां सतर्क

पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन में भारत-नेपाल सीमा पर अवैध आवाजाही रोकने के लिए लगातार सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के दौरान यह कार्रवाई की गई। पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है और जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Location :  Maharajganj

Published :  12 July 2026, 1:41 PM IST

Related News

Advertisement