हिंदी
बच्ची की हत्या का मामला (फोटो: Pinterest)
Ghaziabad: उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद के नंदग्राम इलाके में मजदूर परिवार की सात वर्षीय बच्ची अचानक लापता हो गई थी। परिवार के अनुसार, बच्ची शुक्रवार शाम करीब 7:30 बजे से दिखाई नहीं दे रही थी। काफी तलाश के बाद जब उसका कोई पता नहीं चला तो परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। इसके बाद परिवार और स्थानीय लोगों ने आसपास के क्षेत्रों में खोजबीन शुरू की। देर रात राजनगर एक्सटेंशन स्थित एक निर्माणाधीन मॉल के बेसमेंट क्षेत्र में बच्ची का शव बरामद हुआ, जिसके बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई, जिसके आधार पर पुलिस ने दो संदिग्धों की पहचान की। पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपी मजदूर बस्ती के रहने वाले हैं और उन्हें हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। जांच के दौरान कई महत्वपूर्ण सबूत भी जुटाए गए हैं।
यहां भी पढ़ें: Ghaziabad: पत्नी की जीभ काटकर की थी बेरहमी से हत्या, कलयुगी पति को गाजियाबाद कोर्ट ने दी सख्त सजा!
पुलिस ने मामले में एक वयस्क आरोपी और एक नाबालिग को हिरासत में लिया है। अधिकारियों के मुताबिक, पूछताछ में दोनों ने घटना में अपनी भूमिका स्वीकार की है। गिरफ्तार आरोपियों में एक युवक बिहार के अररिया जिले का रहने वाला बताया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि मामले से जुड़े सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है और यदि किसी अन्य व्यक्ति की संलिप्तता सामने आती है तो उसके खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।
जानकारी के अनुसार, बच्ची का परिवार मूल रूप से बिहार का रहने वाला है और वर्तमान में गाजियाबाद में रहकर मजदूरी करता है। परिवार के सदस्य निर्माणाधीन परियोजना में काम कर रहे थे और अस्थायी झुग्गी में रह रहे थे। घटना के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है और स्थानीय लोगों में भी भारी आक्रोश देखा जा रहा है।
यहां भी पढ़ें: Ghaziabad Fire: अचानक धू-धूकर जल उठा घंटाघर स्थित जूतों का शोरूम, इन्द्र भगवान ने बारिश करके बचाया बड़ा अग्निकांड
इस घटना के सामने आने के बाद लोगों ने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच तेजी से की जा रही है और दोषियों को कानून के तहत कड़ी सजा दिलाने का प्रयास किया जाएगा। प्रशासन ने भी भरोसा दिलाया है कि मामले में निष्पक्ष और त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
Location : Ghaziabad
Published : 12 July 2026, 1:22 PM IST
Topics : Child Murder Case Ghaziabad Police Investigation ghaziabad news Nandgram Case UP Crime News