Fatehpur: सुरक्षा मांगती रही BJP नेता, पुलिस के लौटते ही दबंगों ने बोला धावा

फतेहपुर के जाफरपुर सिथारा गांव में पुरानी दुश्मनी और पुलिस को सूचना देने के शक को लेकर बड़ा विवाद हो गया। आरोप है कि पुलिस के गांव से हटते ही एक पक्ष के लोगों ने बीजेपी महिला नेता जलेंद्री गिहर के घर में घुसकर हमला कर दिया, जिसमें नेता समेत परिवार के छह सदस्य घायल हो गए।

Post Published By: Komal Chauhan
Updated : 11 July 2026, 5:39 PM IST
google-preferred

Fatehpur: उत्तर प्रदेश के फतेहपुर के जाफरपुर सिथारा गांव के कांजरा डेरा निवासी वीरेंद्र गिहर के साथ कुछ दिन पहले गांव के कुछ लोगों ने मारपीट की थी। आरोप था कि वीरेंद्र पुलिस को गांव की जानकारी देता है। इस मामले में वीरेंद्र की बहन और BJP अनुसूचित जाति मोर्चा की जिला सचिव जलेंद्री गिहर ने संबंधित लोगों के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी।

सुरक्षा की मांग के बाद गांव में तैनात रही पुलिस

मारपीट की घटना के बाद गांव में तनाव बढ़ गया था। जलेंद्री गिहर ने परिवार की सुरक्षा को लेकर पुलिस से सुरक्षा व्यवस्था की मांग की थी। इसके बाद एहतियात के तौर पर गुरुवार रात गांव में पुलिस बल की तैनाती की गई थी ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके।

ये भी पढ़ें: Fatehpur News: जमीन पर कब्जे की नीयत और खूनी झड़प, जानिए क्यों सुलग उठा यह शांत गांव

पुलिस के जाने के बाद हुआ हमला

पीड़ित पक्ष का आरोप है कि शुक्रवार सुबह करीब पांच बजे पुलिस बल गांव से वापस चला गया। इसके कुछ देर बाद विरोधी पक्ष के लोग उनके घर पहुंच गए और घर में घुसकर हमला कर दिया। हमलावरों ने लाठी-डंडों और धारदार हथियारों से परिवार के लोगों पर हमला किया। हमले के दौरान परिवार के अन्य सदस्य भी घायल हो गए। घायल होने वालों में जलेंद्री गिहर के अलावा जितेंद्र, साहिदा, मंगना, मुकेश और मिजाजी शामिल हैं। घटना के बाद सभी घायलों को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। गंभीर रूप से घायल जलेंद्री गिहर को बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर किया गया।

पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। पुलिस ने मामले में आठ लोगों के खिलाफ दंगा, मारपीट और हत्या के प्रयास जैसी गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।

ये भी पढ़ें: Fatehpur: नाम बदलकर कई राज्यों में छिपा रहा बदमाश, बस इस एक गलती से पहुंच गया सलाखों के पीछे…

आरोपियों की तलाश जारी

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। हालांकि खबर लिखे जाने तक किसी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी थी। पुलिस का कहना है कि जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Location :  Fatehpur

Published :  11 July 2026, 5:39 PM IST

Advertisement