हिंदी
अनियंत्रित ट्रेलर सरकारी अस्पताल में घुसा (फोटो: डाइनामाइट न्यूज़)
Sonbhadra: उत्तर प्रदेश के सोनभद्र जिले के रॉबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र स्थित सुकृत पुलिस चौकी के पास शनिवार को एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। वाराणसी की ओर से रॉबर्ट्सगंज जा रहा एक अनियंत्रित ट्रेलर डिवाइडर पार कर सीधे आयुष्मान आरोग्य मंदिर की दीवार से जा टकराया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि भवन का हिस्सा अपनी जगह से खिसक गया। हादसे में मौजूद महिला स्वास्थ्यकर्मी और एक व्यक्ति बाल-बाल बच गए।
उपस्थित लोगों से प्राप्त जानकारी के अनुसार, हादसे के समय आयुष्मान आरोग्य मंदिर में तैनात सीएचओ रंजना त्रिपाठी और एएनएम अर्पिता अंदर मौजूद थीं। इसी दौरान एक व्यक्ति अपनी मोटरसाइकिल खड़ी कर भवन की ओर जा रहा था, तभी अनियंत्रित ट्रेलर इमारत से टकरा गया। हादसे में किसी को चोट नहीं आई, लेकिन मोटरसाइकिल पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
टक्कर की तीव्रता से आयुष्मान आरोग्य मंदिर की दीवार और भवन को भारी नुकसान पहुंचा। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार इस हादसे में स्वास्थ्य विभाग को लाखों रुपये का नुकसान हुआ है।
घटना की सूचना मिलते ही सुकृत पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। वहीं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मधुपुर के अधीक्षक डॉ. अखिलेश अपनी टीम के साथ घटनास्थल पहुंचे। घटना की जानकारी मिलने पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) सोनभद्र भी मौके के लिए रवाना हो गए।
Sonbhadra: खेलते-खेलते तालाब में समाया मासूम, चाचा पानी में कूदे…लेकिन नहीं बची जान
फिलहाल इस हादसे में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और ट्रेलर के अनियंत्रित होने के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
Location : Sonbhadra
Published : 11 July 2026, 6:00 PM IST