नौकरी के नाम पर कहीं आप तो नहीं हो रहे ठगी के शिकार? गगहा पुलिस ने बेनकाब किया फर्जीवाड़ा

गोरखपुर में रेलवे नौकरी के नाम पर ठगी! गगहा थाना पुलिस ने रेलवे में नौकरी दिलाने का झांसा देकर 1.35 लाख रुपये हड़पने वाले शातिर आरोपी को गिरफ्तार किया है। प्रतापगढ़ के रहने वाले इस आरोपी ने पीड़ित परिवार को गुमराह करने के लिए फर्जी रेलवे आईडी कार्ड भी दिया था। पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया है।

Gorakhpur: गोरखपुर के गगहा थाना पुलिस ने रेलवे में नौकरी दिलाने के नाम पर लाखों रुपये की ठगी करने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पर नौकरी दिलाने का झांसा देकर 1.35 लाख रुपये हड़पने और फर्जी परिचय पत्र देकर पीड़ित परिवार को गुमराह करने का आरोप है। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

अभियान के तहत की गई कार्रवाई

पुलिस के अनुसार धोखाधड़ी के मामलों पर प्रभावी अंकुश लगाने और वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। पुलिस अधीक्षक दक्षिणी के निर्देशन, क्षेत्राधिकारी बांसगांव के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक गगहा के नेतृत्व में उपनिरीक्षक अनूप सिंह और उनकी टीम ने आरोपी को गिरफ्तार किया। जांच में सामने आया कि आरोपी ने वादिनी के देवर को भारतीय रेलवे में नौकरी दिलाने का भरोसा दिलाया था।

ये भी पढ़ें - Gorakhpur ATS Raid: इंटरनेशनल साइबर क्राइम सिंडिकेट पर शिकंजा, गोरखपुर में ATS की गुप्त छापेमारी

मामले की जांच जारी

विश्वास में लेकर उसने वादिनी के परिजनों से 1 लाख 35 हजार रुपये ले लिए। रुपये लेने के बाद आरोपी ने नौकरी लगने का विश्वास दिलाने के लिए एक फर्जी परिचय पत्र भी उपलब्ध करा दिया। समय बीतने के बाद जब नौकरी नहीं लगी और पीड़ित पक्ष को अपने साथ ठगी का एहसास हुआ तो उन्होंने गगहा थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू की। विवेचना के दौरान पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर पुलिस टीम ने आरोपी की तलाश तेज की और उसे गिरफ्तार कर लिया।

आरोपी की हुई पहचान

गिरफ्तार आरोपी की पहचान मनीष कुमार हरिजन पुत्र सालिकराम, निवासी महेवा मलकिया महेशगंज, थाना महेशगंज, जनपद प्रतापगढ़ के रूप में हुई है। उसके विरुद्ध गगहा थाने में मुकदमा अपराध संख्या 96/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं तथा एससी/एसटी एक्ट की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज है।

ये भी पढ़ें - Gorakhpur: तीन दिन में खुला चोरी का राज, खोराबार पुलिस ने बाइक चोरों को ऐसे पहुंचाया सलाखों के पीछे

पुलिस ने जनता से की अपील

पुलिस का कहना है कि आरोपी से पूछताछ की जा रही है और यह भी पता लगाया जा रहा है कि उसने इसी प्रकार अन्य लोगों को भी नौकरी का झांसा देकर ठगी तो नहीं की है। पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि नौकरी दिलाने के नाम पर किसी भी व्यक्ति को बिना सत्यापन के धनराशि न दें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।

Location :  Gorakhpur

Published :  11 July 2026, 5:47 PM IST

Advertisement