हिंदी
बलरामपुर कलेक्ट्रेट में युवती के पहुंचते ही मचा हड़कंप (Img: Dynamite News)
Balrampur: बलरामपुर में भरोसे की आड़ में बेरोजगारी का फायदा उठाकर ठगी करने का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां एक शातिर जालसाज ने खुद को कलेक्ट्रेट का बड़ा अधिकारी बताकर एक ही परिवार के भाई-बहन को सरकारी नौकरी का ऐसा सब्जबाग दिखाया कि पीड़ित परिवार ने अपनी गाढ़ी कमाई उसके हवाले कर दी। जब महीनों के इंतजार के बाद हाथ में आया नियुक्ति पत्र लेकर पीड़िता दफ्तर ज्वाइन करने कलेक्ट्रेट पहुंची, तब जाकर इस बड़े फर्जीवाड़े का भंडाफोड़ हुआ। जालसाज ने झांसे में लेकर पीड़ित परिवार से कुल आठ लाख इक्यासी हजार रुपये ऐंठ लिए और अब फरार हो गया है।
इस ठगी की कहानी पिछले साल मार्च में शुरू हुई थी, जब रेहराबाजार इलाके के बनकटवा सराय खास का रहने वाला मनोज कुमार चौहान नाम का युवक शहर की एक कॉलोनी में शालिनी वर्मा के मकान में किराएदार बनकर आया। मकान मालिक का भरोसा जीतने के लिए उसने अपने मोबाइल पर एक फर्जी ज्वाइनिंग लेटर दिखाया और खुद को पहले तहसील का कनिष्ठ सहायक और बाद में जिलाधिकारी कार्यालय के राजस्व विभाग का लेखाकार बताया।
ये भी पढ़ें - Balrampur: थैले में ऐसा क्या छिपा था जिसे देखकर पुलिस भी रह गई हैरान
उसकी मीठी बातों और रसूख के झांसे में आकर परिवार ने उसे अपने घर में पनाह दे दी। इसके बाद उसने जाल फैलाना शुरू किया और मकान मालिक के छोटे भाई को कलेक्ट्रेट के राजस्व विभाग में अमीन की पक्की नौकरी दिलाने का दावा ठोक दिया।
सरकारी नौकरी की चाहत में अंधी हो चुकी मां ने बेटी की शादी के लिए जमा की गई एफडी तक तुड़वा दी और किस्तों में जालसाज को पांच लाख से ज्यादा रुपये दे दिए। शातिर का लालच यहीं नहीं रुका, उसने शालिनी को भी कलेक्ट्रेट में बाबू की नौकरी दिलाने का झांसा दिया और सीट पक्की करने के नाम पर अलग से पौने चार लाख रुपये और ऐंठ लिए। महीनों तक टालमटोल करने के बाद उसने अमीन पद का एक फर्जी नियुक्ति पत्र थमा दिया। खुश होकर जब शालिनी उस पत्र को लेकर कलेक्ट्रेट ज्वाइनिंग के लिए पहुंची, तो वहां के अधिकारियों ने साफ कह दिया कि ऐसा कोई आदेश जारी ही नहीं हुआ है, जिससे पीड़िता के पैरों तले जमीन खिसक गई।
धोखे का अहसास होने पर जब परिवार ने अपने पैसे वापस मांगे, तो आरोपी कमरे में ताला लगाकर रातों-रात रफूचक्कर हो गया और फोन पर धमकियां देने लगा। इस मामले में नगर कोतवाली पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी के खिलाफ जालसाजी, धोखाधड़ी और धमकी देने जैसी संगीन धाराओं में केस दर्ज कर लिया है।
ये भी पढ़ें - Balrampur News: ढाई साल बाद खुला खौफनाक राज, हत्या के बाद नदी में फेंका शव, फिर सोशल मीडिया पर देने लगा चकमा
पुलिस अब आरोपी के बैंक खातों के लेन-देन और फर्जी दस्तावेजों की कड़ाई से जांच कर रही है। कयास लगाए जा रहे हैं कि आरोपी ने इस इलाके में कई अन्य बेरोजगार युवाओं को भी अपना शिकार बनाया होगा, जिसके लिए पुलिस ने जांच का दायरा बढ़ा दिया है।
Location : Balrampur
Published : 11 July 2026, 6:17 PM IST