पड़ोसी ही निकला आस्तीन का सांप, छात्रा पर लगाता था झूठे आरोप, अश्लील वीडियो के नाम पर डराने वाले आरोपी की तलाश तेज

गोरखपुर में कोचिंग जाने वाली एक युवती को अश्लील वीडियो वायरल करने की धमकी देकर मानसिक रूप से प्रताड़ित करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि पड़ोस का ही युवक अंकित गुप्ता उसका पीछा करता और धमकियां देता था।

Gorakhpur: गोरखपुर के गीडा थाना क्षेत्र की एक युवती को कथित अश्लील वीडियो वायरल करने की धमकी देकर लगातार ब्लैकमेल करने का मामला सामने आया है। पीड़िता की शिकायत पर गीडा पुलिस ने आरोपी युवक के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

ब्लैकमेल करने का लगा आरोप

पुलिस को दी गई तहरीर के अनुसार, गीडा थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली युवती गोरखपुर शहर स्थित एक कोचिंग संस्थान में पढ़ाई करती है। आरोप है कि उसके पड़ोस में रहने वाला युवक अंकित गुप्ता पुत्र जोगी उर्फ योगेंद्र काफी समय से उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहा था। वह युवती पर अनर्गल आरोप लगाकर उसे ब्लैकमेल करता था और कथित अश्लील वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देता था।

ये भी पढ़ें - Gorakhpur: गोरखपुर में वाटर पार्क बना जंग का मैदान, देर रात हुआ हाई वोल्टेज ड्रामा

युवती का पीछा करता था युवक

पीड़िता ने आरोप लगाया कि युवक अक्सर उसके घर के आसपास मंडराता था और कोचिंग आने-जाने के दौरान उसका पीछा भी करता था। लगातार मिल रही धमकियों और हरकतों से युवती तथा उसके परिजन भय और तनाव में रहने लगे। काफी समय तक मामले को नजरअंदाज करने के बाद जब आरोपी की गतिविधियां नहीं रुकीं तो पीड़िता ने गीडा थाने पहुंचकर पूरी घटना की जानकारी देते हुए तहरीर दी।

पुलिस की जांच जारी

तहरीर के आधार पर गीडा पुलिस ने आरोपी अंकित गुप्ता के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

ये भी पढ़ें - Gorakhpur: तीन दिन में खुला चोरी का राज, खोराबार पुलिस ने बाइक चोरों को ऐसे पहुंचाया सलाखों के पीछे

आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग

क्षेत्र में इस घटना को लेकर लोगों में भी चर्चा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि छात्राओं और महिलाओं को धमकाकर ब्लैकमेल करने जैसी घटनाओं पर सख्त कार्रवाई होनी चाहिए, ताकि ऐसी हरकत करने वालों में कानून का भय बना रहे। वहीं पुलिस ने स्पष्ट किया है कि महिलाओं की सुरक्षा से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जाएगी और दोषी पाए जाने पर आरोपी के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।

Location :  Gorakhpur

Published :  11 July 2026, 6:18 PM IST

Advertisement