हिंदी
दो नाबालिग से दुष्कर्म (Img : pinterest)
Basti : जिले के कलवारी थाना क्षेत्र में रिश्तों को शर्मसार करने वाला एक गंभीर मामला सामने आया है। एक महिला ने अपने पति पर अपनी ही दो नाबालिग बेटियों के साथ दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है। महिला की शिकायत के बाद पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज करते हुए जांच शुरू की और आरोपी की तलाश तेज कर दी। शुक्रवार को पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस सभी कानूनी प्रक्रियाओं का पालन करते हुए विवेचना आगे बढ़ा रही है।
जानकारी के अनुसार, बुधवार को महिला कलवारी थाने पहुंची और लिखित तहरीर देकर आरोप लगाया कि उसका पति उसकी गैरमौजूदगी में उनकी 15 और 16 साल नाबालिग बेटियों के साथ दुष्कर्म करता था। शिकायत मिलते ही पुलिस ने गंभीर धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की। इसके बाद गुरुवार को दोनों बच्चियों का मेडिकल परीक्षण कराया गया और उनके बयान भी दर्ज किए गए, जिन्हें विवेचना का महत्वपूर्ण हिस्सा बनाया गया है।
विकास के नाम पर खेल! कोर्रा कनक की दलित बस्ती में निर्माण घोटाले के आरोप, ग्रामीणों में आक्रोश
पुलिस के मुताबिक, आरोपी मूल रूप से अंबेडकरनगर जिले का रहने वाला है और वर्तमान में बस्ती जिले के कलवारी थाना क्षेत्र के एक गांव में अपनी पत्नी और दोनों बेटियों के साथ रह रहा था। परिवार के पास दो झोपड़ियां थीं। एक झोपड़ी में पति-पत्नी रहते थे, जबकि दूसरी झोपड़ी में दोनों बेटियां रहती थीं। महिला का आरोप है कि उसकी अनुपस्थिति का फायदा उठाकर आरोपी बेटियों के पास जाता था। डर और दबाव के कारण बच्चियां लंबे समय तक किसी से कुछ नहीं कह सकीं।
कलवारी थाना प्रभारी संतोष कुमार ने बताया कि मुकदमा दर्ज होने के बाद पुलिस लगातार आरोपी की तलाश कर रही थी। शुक्रवार को मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी अगौना बाजार में मौजूद है। इसके बाद पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया। आवश्यक विधिक प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अफसर ने बताया कि मामले की जांच सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर की जा रही है। मेडिकल रिपोर्ट, पीड़िताओं के बयान और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। विवेचना पूरी होने के बाद नियमानुसार आरोप पत्र न्यायालय में दाखिल किया जाएगा।
Location : Basti
Published : 11 July 2026, 3:38 PM IST