पहले अपने 4 साल के बेटे को पिलाया जहर, फिर खुद भी दे दी जान… सामने आई ऐसी वजह कि हर कोई रह गया सन्न

मेरठ के किठौर क्षेत्र में पत्नी से विवाद के बाद एक व्यक्ति पर अपने चार वर्षीय बेटे को कोल्ड्रिंक में जहरीला पदार्थ पिलाने का आरोप है। बच्चे की मौत के बाद उसने भी विषाक्त पदार्थ खा लिया। अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी भी मौत हो गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Post Published By: Poonam Rajput
Updated : 11 July 2026, 2:21 PM IST
google-preferred

Meerut: उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले के किठौर थाना क्षेत्र में पारिवारिक विवाद ने ऐसा दर्दनाक मोड़ लिया, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। आरोप है कि पत्नी से विवाद के बाद एक व्यक्ति ने अपने चार वर्षीय बेटे को कोल्ड्रिंक में जहरीला पदार्थ मिलाकर पिला दिया। मासूम की मौत के बाद उसने स्वयं भी विषाक्त पदार्थ का सेवन कर लिया। अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी भी मौत हो गई। घटना के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है।

पांच साल पहले हुई थी शादी, दो बच्चों का था परिवार

जानकारी के अनुसार, रहदरा थाना परीक्षितगढ़ निवासी कपिल की शादी करीब पांच वर्ष पहले किठौर थाना क्षेत्र के गोविंदपुर शकरपुर निवासी काजल से हुई थी। दोनों के दो बच्चे थे, जिनमें चार वर्षीय बेटा कृष्णा और एक बेटी परी शामिल हैं। बताया गया कि तीन जुलाई को काजल की बहन की शादी थी, जिसमें कपिल भी शामिल हुआ था। शादी का कार्यक्रम शांतिपूर्वक संपन्न हो गया था।

पत्नी के मायके में रुकने से शुरू हुआ विवाद

बताया गया कि शादी के बाद कपिल अपनी पत्नी को साथ ले जाना चाहता था, लेकिन काजल ने पारिवारिक जिम्मेदारियों का हवाला देते हुए कुछ दिन और मायके में रुकने की बात कही। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया। अगले दिन भी कपिल दोबारा ससुराल पहुंचा और समझाने के प्रयासों के बावजूद विवाद समाप्त नहीं हुआ।

बेटे को कोल्ड्रिंक में मिलाकर पिलाया जहरीला पदार्थ

आरोप है कि विवाद के बाद कपिल ने अपने चार वर्षीय बेटे कृष्णा को कोल्ड्रिंक में जहरीला पदार्थ मिलाकर पिला दिया। इसके कुछ ही देर बाद मासूम की तबीयत बिगड़ गई। परिजन उसे तत्काल अस्पताल लेकर रवाना हुए, लेकिन रास्ते में ही बच्चे ने दम तोड़ दिया। इस घटना से परिवार में कोहराम मच गया।

बेटे की मौत के बाद पिता ने भी खाया जहर

घटना के बाद कपिल ने भी विषाक्त पदार्थ का सेवन कर लिया। गंभीर हालत में उसे मेडिकल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने इलाज शुरू किया। हालांकि उसकी हालत लगातार नाजुक बनी रही और शनिवार सुबह उपचार के दौरान उसकी भी मौत हो गई।

पति और ससुर मदरसे में आने वाली महिलाओं के साथ गंदा काम करते थे… पूर्व पत्नी ने लगाए गंभीर आरोप

पुलिस जांच में जुटी

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट व अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Location :  Meerut

Published :  11 July 2026, 2:21 PM IST

Advertisement