Kanpur Dehat News: हाथ पर ‘I Love You RA’ और ‘राधा’ का टैटू… लेकिन नहीं हो सकी युवती की पहचान

कानपुर देहात के झींझक रेलवे स्टेशन के पास दिल्ली-हावड़ा रेलवे ट्रैक पर करीब 20 वर्षीय अज्ञात युवती का क्षत-विक्षत शव मिला। युवती के हाथ पर बने "I Love You RA" और "राधा" टैटू को पुलिस पहचान का अहम सुराग मान रही है। शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

Post Published By: MOHIT BATHAM KANPUR
Updated : 11 July 2026, 1:26 PM IST
google-preferred

Kanpur Dehat: कानपुर देहात में दिल्ली-हावड़ा रेलवे ट्रैक पर एक अज्ञात युवती का क्षत-विक्षत शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। घटना की सूचना मिलते ही थाना मंगलपुर की झींझक चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। फिलहाल पुलिस युवती की पहचान कराने में जुटी है। शव पर बने टैटू को सबसे अहम सुराग माना जा रहा है।

रात डेढ़ बजे स्टेशन मास्टर ने पुलिस को दी सूचना

जानकारी के अनुसार, सोमवार देर रात करीब 1:30 बजे झींझक रेलवे स्टेशन के स्टेशन मास्टर ने पुलिस को सूचना दी कि रेलवे ट्रैक पर एक महिला का शव पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही झींझक चौकी प्रभारी अवनीश कुमार वर्मा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे।

जांच के दौरान झींझक रेलवे स्टेशन की पश्चिमी क्रॉसिंग और अक्षयवट धाम के पास खंभा संख्या 1081/12A की डाउन लाइन पर लगभग 20 वर्षीय अज्ञात युवती का शव मिला। शव की स्थिति बेहद क्षत-विक्षत थी, जिससे क्षेत्र में सनसनी फैल गई।

ट्रेन की चपेट में आने की आशंका

पुलिस के अनुसार मृतका ने भूरी रंग की कैफरी और हल्के नीले रंग की टी-शर्ट पहन रखी थी। शव की हालत देखकर प्रथम दृष्टया आशंका जताई जा रही है कि युवती ट्रेन की चपेट में आई होगी। हालांकि मौत की असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

पुलिस दुर्घटना, आत्महत्या और अन्य संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।

'I Love You RA' और 'राधा' का टैटू बना पहचान का आधार

मृतका की पहचान के लिए पुलिस उसके शरीर पर बने टैटू को सबसे महत्वपूर्ण सुराग मान रही है। युवती के बाएं हाथ पर "I Love You RA" और "राधा" लिखा हुआ टैटू बना है। इसके अलावा दूसरे हाथ पर भी टैटू मौजूद है। पुलिस ने आसपास के जिलों और थानों से गुमशुदा महिलाओं का रिकॉर्ड मंगवाना शुरू कर दिया है ताकि शव की शिनाख्त कर परिजनों तक सूचना पहुंचाई जा सके।

कहीं आप भी तो नहीं जुड़ रहे इस चेन से? वाराणसी पुलिस ने झांसा देने वाले हाईटेक गिरोह को किया बेनकाब

पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार

झींझक चौकी प्रभारी अवनीश कुमार वर्मा ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मृतका की पहचान कराने के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच कर रही है।

Location :  Kanpur Dehat

Published :  11 July 2026, 1:26 PM IST

Related News

Advertisement