हिंदी
अवैध कमाई से बना आलीशान भवन (Img: Pinterest)
Azamgarh: आजमगढ़ में पुलिस और प्रशासन ने गैंगस्टर व कथित भूमाफिया कृष्णचन्द्र राय उर्फ केसी राय के खिलाफ अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई शुरू कर दी है। मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (सीजेएम) के आदेश पर करीब 10 करोड़ रुपये मूल्य की अचल संपत्ति को कुर्क करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। न्यायालय ने संपत्ति के रखरखाव और प्रशासनिक नियंत्रण के लिए संबंधित तहसीलदार को प्रशासक भी नियुक्त किया है।
पुलिस जांच के अनुसार, थाना कोतवाली में दर्ज मुकदमे की विवेचना के दौरान सामने आया कि कृष्णचन्द्र राय ने फर्जी खतौनी और अन्य दस्तावेजों के जरिए जमीन के नाम पर धोखाधड़ी कर अवैध तरीके से संपत्ति अर्जित की। आरोप है कि अपराध से कमाए गए धन का इस्तेमाल कर उसने ग्राम कोडर अजमतपुर में वर्ष 2012 से कई भूखंड खरीदे और उन पर बहुमंजिला इमारत का निर्माण कराया।
विवेचना में यह भी सामने आया कि भवन का समय-समय पर विस्तार और रिनोवेशन भी कथित रूप से अवैध आय से किया गया। पुलिस का दावा है कि यह इमारत गैंग के सदस्यों के जमावड़े और आपराधिक गतिविधियों की योजना बनाने का प्रमुख अड्डा बनी हुई थी।
राजस्व विभाग ने भूमि का चिन्हांकन और मूल्यांकन किया, जबकि लोक निर्माण विभाग (PWD) ने भवन का तकनीकी मूल्यांकन किया। दोनों विभागों की रिपोर्ट के आधार पर संपत्ति की अनुमानित बाजार कीमत करीब 10 करोड़ रुपये आंकी गई। न्यायालय ने उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर माना कि अभियुक्त के पास भवन निर्माण और ऋण की किश्तें चुकाने के लिए कोई वैध आय का स्रोत नहीं मिला।
सैमसंग का बड़ा धमाका: क्या 2 लाख पार होगी नए गैलेक्सी फोल्ड की कीमत? जानें लीक फीचर्स
कृष्णचन्द्र राय फिलहाल जेल में निरुद्ध है और प्रशासनिक कारणों से उसे पहले ही अम्बेडकरनगर कारागार स्थानांतरित किया जा चुका है। पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में यह कार्रवाई अपर पुलिस अधीक्षक (नगर) मधुवन कुमार सिंह, सीओ सिटी शुभम तोदी, थाना कोतवाली पुलिस और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने पूरी की।
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, केसी राय के खिलाफ धोखाधड़ी, जालसाजी, आपराधिक विश्वासघात, अपहरण, गैंगस्टर्स एक्ट समेत विभिन्न गंभीर धाराओं में कुल 16 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। प्रशासन का कहना है कि अपराध से अर्जित संपत्तियों के खिलाफ आगे भी ऐसी कार्रवाई जारी रहेगी।
Location : Azamgarh
Published : 11 July 2026, 1:18 PM IST
Topics : azamgarh news KC Rai up crime