हिंदी
ग्रामीणों में आक्रोश
Fatehpur: फतेहपुर जिले के असोथर विकास खंड अंतर्गत कोर्रा कनक ग्राम पंचायत में विकास कार्यों को लेकर गंभीर आरोप सामने आए हैं। दलित बस्ती में चल रहे निर्माण कार्यों में मानकों की अनदेखी और घटिया सामग्री के इस्तेमाल का आरोप लगाते हुए ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। लोगों का कहना है कि विकास के नाम पर सरकारी धन का खुला दुरुपयोग किया जा रहा है और जिम्मेदार लोग आंख मूंदे बैठे हैं।
ग्रामीणों के अनुसार, बस्ती में जल निकासी के लिए पक्के नाले का निर्माण प्रस्तावित था, लेकिन कार्यस्थल पर नाले की जगह घटिया ह्यूम पाइप डालकर औपचारिकता पूरी कर दी गई। आरोप है कि निर्माण कार्य में 3 नंबर ईंट और कम गुणवत्ता वाले मसाले का उपयोग किया जा रहा है, जिससे काम की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
फतेहपुर बिजली विभाग का अनोखा कारनामा, घर पर लटका था ताला, पीछे से चुपचाप टांग गए स्मार्ट मीटर
स्थानीय लोगों का कहना है कि निर्माण कार्य में निर्धारित मानकों का पूरी तरह उल्लंघन किया जा रहा है। लोगों ने आरोप लगाया कि काम केवल कागजों पर बेहतर दिखाने के लिए किया जा रहा है, जबकि जमीन पर गुणवत्ता बेहद खराब है। इससे बस्ती के लोगों में गहरा असंतोष और नाराजगी फैल गई है।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि जब उन्होंने इस अनियमितता का विरोध किया और शिकायत करने की बात कही, तो जिम्मेदार लोगों द्वारा उनके साथ अभद्र व्यवहार किया गया। लोगों का कहना है कि उन्हें डराने और दबाने की कोशिश की गई ताकि मामला आगे न बढ़ सके।
करोड़ों का बजट… फिर भी नरक जैसी जिंदगी! फतेहपुर के इस गांव में कागजी दावों की खुली पोल
ग्रामीणों का आरोप है कि इस पूरे निर्माण कार्य में ग्राम प्रधान, सचिव और ठेकेदार की मिलीभगत से गड़बड़ी की जा रही है। लोगों का कहना है कि यह कोई पहली बार नहीं है, इससे पहले भी विकास कार्यों में अनियमितताओं की शिकायतें उठती रही हैं, लेकिन हर बार मामला दबा दिया गया।
ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि पूरे निर्माण कार्य की मौके पर जाकर जांच की जाए। साथ ही घटिया सामग्री और मानकविहीन निर्माण की विस्तृत जांच कर जिम्मेदारों पर सख्त कार्रवाई की जाए। लोगों का कहना है कि सरकारी पैसा जनता की भलाई के लिए है, न कि भ्रष्टाचार के लिए।
Location : Fatehpur
Published : 9 June 2026, 12:32 PM IST