अब तेज आवाज बर्दाश्त नहीं! महराजगंज में पुलिस का ताबड़तोड़ एक्शन, 261 डीजे संचालकों को नोटिस

महराजगंज में ध्वनि प्रदूषण के खिलाफ पुलिस का बड़ा अभियान, जिलेभर में धार्मिक स्थलों, मैरिज हॉलों और डीजे संचालकों की जांच। मानक विपरीत ध्वनि प्रसारण पर 261 डीजे संचालकों को नोटिस भेजाग

Post Published By: Nidhi Kushwaha
Updated : 25 September 2026, 12:46 PM IST
google-preferred

Maharajganj: जिले में ध्वनि प्रदूषण के खिलाफ महराजगंज पुलिस ने बड़ा अभियान चलाते हुए डीजे संचालकों से लेकर धार्मिक स्थलों तक जांच और कार्रवाई का सिलसिला तेज कर दिया है। निर्धारित मानकों और समय-सीमा का उल्लंघन करने वालों पर पुलिस ने शिकंजा कसते हुए 261 डीजे संचालकों को नोटिस जारी किया है।

वहीं, 39 लाउडस्पीकर हटवाने के साथ 95 लाउडस्पीकरों का वॉल्यूम भी निर्धारित सीमा के अनुरूप कराया गया। पुलिस की इस कार्रवाई से ध्वनि प्रदूषण के नियमों को लेकर सख्ती का संदेश गया है।

SP के निर्देश पर चलाया गया अभियान

उत्तर प्रदेश शासन की मंशा और उच्च न्यायालय के दिशा-निर्देशों के अनुपालन में पुलिस अधीक्षक महराजगंज शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन में जनपद के सभी थाना क्षेत्रों में विशेष अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान धार्मिक स्थलों, जिनमें मंदिर और मस्जिद शामिल हैं, मैरिज हॉलों और डीजे संचालकों की जांच की गई। पुलिस टीमों ने मौके पर पहुंचकर ध्वनि प्रसारण के मानकों की पड़ताल की और नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर कार्रवाई की।

ये भी पढ़ें- Mainpuri Crime: पंचायत भवन में मिली थी पनाह, अब बेघर होने का डर; विधवा ने DM से लगाई गुहार

कुल 261 डीजे संचालक चिह्नित

पुलिस के अनुसार, निर्धारित समय-सीमा और तय डेसिबल सीमा से अधिक आवाज में डीजे बजाने वाले और अन्य नियमों का उल्लंघन करने वाले कुल 261 डीजे संचालकों को चिह्नित किया गया। इन सभी को कड़ी चेतावनी के साथ नोटिस जारी किए गए। पुलिस ने संचालकों को ध्वनि मानकों का पालन करने और भविष्य में नियमों का उल्लंघन नहीं करने के निर्देश दिए।

अभियान के दौरान बिना अनुमति या निर्धारित मानकों के विपरीत स्थापित किए गए 39 लाउडस्पीकरों को धार्मिक स्थलों से उतरवाकर हटाया गया। इसके अलावा, 95 लाउडस्पीकरों का वॉल्यूम तय मानक से अधिक पाए जाने पर मौके पर ही उनकी आवाज कम कराई गई। पुलिस की यह कार्रवाई ध्वनि प्रदूषण पर नियंत्रण और सार्वजनिक शांति बनाए रखने के उद्देश्य से की गई।

धर्मगुरुओं और डीजे संचालकों को समझाए गए नियम

पुलिस ने केवल कार्रवाई तक सीमित न रहते हुए थाना स्तर पर स्थानीय धर्मगुरुओं, प्रबुद्धजनों और डीजे संचालकों के साथ संवाद भी किया। इस दौरान सर्वोच्च न्यायालय और शासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों की जानकारी दी गई। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि तेज आवाज के कारण वृद्धजनों, बीमार व्यक्तियों और छात्र-छात्राओं को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए।

ये भी पढ़ें- Muzaffarnagar: हत्या के खुलासे में पुलिस की चेकिंग, अचानक हुई फायरिंग; दो आरोपी मुठभेड़ में घायल

नियम तोड़ने वालों पर जारी रहेगी सख्ती

पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने निर्देश दिए हैं कि जिले में शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने के साथ ध्वनि मानकों का अनुपालन सुनिश्चित किया जाए। पुलिस के मुताबिक, नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी विधिक कार्रवाई जारी रहेगी।

Location :  Maharajganj

Published :  25 September 2026, 12:46 PM IST

Related News

Advertisement