हिंदी
महराजगंज के घुघली थाना क्षेत्र के पकड़ियार, कोटिया और धुस गांव में तेंदुए की लगातार मौजूदगी से दहशत का माहौल है। कुत्ते पर हमले का वीडियो सामने आने के बाद ग्रामीणों ने वन विभाग से तत्काल कार्रवाई की मांग की है।
महराजगंज में जंगली जानवर का कहर
Maharajganj: उत्तर प्रदेश के महराजगंज में खूंखार जानवर ने आतंक मचा रखा है। ऐसे में गांवों में भय का माहौल बना हुआ है। जनपद के घुघली थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पकड़ियार बिशनपुर, कोटिया और धुस इलाके में तेंदुए की सक्रियता ने ग्रामीणों की नींद उड़ा दी है। बीते कई दिनों से इन गांवों के आसपास तेंदुए के देखे जाने की सूचना मिल रही है, जिससे लोगों में लगातार भय का माहौल बना हुआ है।
स्थानीय निवासी धनंजय यादव, जो कुटिया ग्राम सभा के रहने वाले हैं, ने बताया कि उनके मुर्गी फार्म के आसपास पिछले कुछ दिनों से तेंदुआ घूमता नजर आ रहा है। उन्होंने बताया कि 20 मार्च 2026 की रात को तेंदुए ने एक कुत्ते पर हमला कर दिया, जिसका वीडियो भी ग्रामीणों द्वारा बनाया गया है। वीडियो में तेंदुआ साफ तौर पर दिखाई दे रहा है, जिससे लोगों के बीच दहशत और बढ़ गई है।
ग्रामीणों के अनुसार, धुस क्षेत्र में लोगों का रोजाना आना-जाना लगा रहता है। यहां छोटे-छोटे बच्चे भी बकरी और भैंस चराने के लिए जाते हैं। ऐसे में तेंदुए की मौजूदगी बेहद खतरनाक साबित हो सकती है। लोगों को डर है कि यदि समय रहते वन विभाग ने कोई ठोस कदम नहीं उठाया, तो यह घटना किसी बड़े हादसे में बदल सकती है।
सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ से बिगड़ा मौसम, कई राज्यों में आंधी-ओले की आशंका; जानिये आज का मौसम अपडेट
गांव के लोगों ने बताया कि शाम होते ही अब लोग अपने घरों में सिमट जाते हैं और बच्चों को बाहर जाने से रोक दिया गया है। पशुपालक भी अपने जानवरों को लेकर चिंतित हैं। कई ग्रामीणों ने रात में पहरा देना भी शुरू कर दिया है।
ग्रामीणों ने वन विभाग से मांग की है कि जल्द से जल्द तेंदुए को पकड़कर सुरक्षित स्थान पर ले जाया जाए, ताकि इलाके में सामान्य स्थिति बहाल हो सके। फिलहाल पूरे क्षेत्र में डर और असुरक्षा का माहौल बना हुआ है, और लोग प्रशासन से त्वरित कार्रवाई की उम्मीद कर रहे हैं।