हिंदी
मोबाइल टॉवर पर चढ़ी युवती से मचा हड़कंप,
Maharajganj: फरेंदा थाना क्षेत्र के पिपरा तहसीलदार गांव में बुधवार को उस समय हड़कंप मच गया,जब घरवालों से नाराज होकर एक युवती मोबाइल टॉवर पर चढ़ गई। टॉवर की ऊंचाई पर युवती को देखकर आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई और देखते ही देखते मौके पर भारी भीड़ जुट गई।
घटना की सूचना मिलते ही फरेंदा पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और काफी देर तक समझाने-बुझाने के बाद युवती को सकुशल नीचे उतार लिया। पुलिस की तत्परता से एक बड़ा हादसा टल गया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
मिली जानकारी के अनुसार पारिवारिक विवाद के बाद युवती घर से नाराज होकर निकली और सीधे गांव में लगे मोबाइल टॉवर पर चढ़ गई। टॉवर पर चढ़ी युवती को देखकर लोगों में दहशत फैल गई। किसी अनहोनी की आशंका को देखते हुए ग्रामीणों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी।
युवती से पूछताछ करती पुलिस
मौके पर पहुंची पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित करते हुए युवती से लगातार बातचीत की और उसे सुरक्षित नीचे उतरने के लिए समझाया। काफी प्रयास के बाद पुलिसकर्मी युवती को सकुशल नीचे उतारने में सफल रहे। घटना के दौरान बड़ी संख्या में लोग मौके पर मौजूद रहे। कई लोगों ने पूरे घटनाक्रम का वीडियो अपने मोबाइल फोन में कैद कर लिया,जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो वायरल होने के बाद पूरे क्षेत्र में यह घटना चर्चा का विषय बनी हुई है।
फरेंदा थानाध्यक्ष राघवेंद्र सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला पारिवारिक विवाद से जुड़ा पाया गया है। उन्होंने बताया कि सार्वजनिक व्यवस्था प्रभावित होने और लोगों की जान जोखिम में डालने के मामले को गंभीरता से लेते हुए युवती के खिलाफ अभियोग पंजीकृत कर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। साथ ही घटना के सभी पहलुओं की जांच भी की जा रही है।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी पारिवारिक या व्यक्तिगत विवाद की स्थिति में कानून हाथ में लेने या ऐसा कदम उठाने से बचें, जिससे स्वयं की या अन्य लोगों की जान खतरे में पड़े। समय रहते पुलिस की कार्रवाई से युवती को सुरक्षित बचा लिया गया और किसी प्रकार की अप्रिय घटना नहीं हुई। फिलहाल मामले में विधिक कार्रवाई जारी है।
Location : Maharajganj
Published : 6 August 2026, 12:02 AM IST
Topics : Farenda Police Maharajganj News (महाराजगंज न्यूज़) Mobile Tower Incident Police Rescue woman rescued