जन्मदिन की वो रात… जब रोहिणी बैराज जाते दो दोस्तों की जिंदगी ने ले लिया खौफनाक मोड़, क्या था हादसे की असली वजह?

महराजगंज के नौतनवा क्षेत्र में जन्मदिन मनाने निकले दो दोस्तों की बाइक पेड़ से टकरा गई। हादसे में किशुन सहानी की मौके पर और आयुष वर्मा की इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना से सिंहपुर कला गांव में मातम छा गया और दोनों परिवारों में कोहराम मच गया।

Maharajganj: महराजगंज जिले के नौतनवा थाना क्षेत्र के सिंहपुर कला गांव में रविवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे ने दो परिवारों की खुशियों को हमेशा के लिए मातम में बदल दिया। जन्मदिन मनाने निकले दो दोस्तों की बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई, जिसमें दोनों की मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।

जन्मदिन मनाने निकले थे दोनों दोस्त

जानकारी के अनुसार, सिंहपुर कला निवासी 20 वर्षीय आयुष वर्मा अपने 18 वर्षीय मित्र किशुन सहानी के साथ अपना जन्मदिन मनाने के लिए रोहिणी बैराज जा रहा था। दोनों रविवार रात करीब नौ बजे बाइक से निकले थे। लेकिन गोमतीडीह के पास उनकी बाइक अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे पेड़ से जोरदार टकरा गई।

टक्कर इतनी भीषण कि मौके पर ही मौत

हादसा इतना भीषण था कि किशुन सहानी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि आयुष वर्मा गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों ने तुरंत दोनों को अस्पताल पहुंचाया, जहां किशुन को मृत घोषित कर दिया गया और आयुष को गोरखपुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। लेकिन रास्ते में ही आयुष ने भी दम तोड़ दिया।

पुलिस जांच में जुटी, शव पोस्टमार्टम को भेजे गए

सूचना मिलते ही नौतनवा पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में बाइक के अनियंत्रित होने की बात सामने आ रही है, लेकिन अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।

नैनीताल से शुरू हुई दोस्ती या सोची-समझी साजिश? 1 लाख फॉलोअर्स वाली इन्फ्लुएंसर के खिलाफ पुलिस को मिले अहम साइबर सुराग

दो परिवारों पर टूटा दुखों का पहाड़

हादसे की खबर मिलते ही दोनों परिवारों में कोहराम मच गया। आयुष के पिता मुंबई से तुरंत घर पहुंचे। मर्चरी हाउस में बेटे का शव देखकर परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। वहीं किशुन सहानी के घर भी मातम पसरा हुआ है। पूरे गांव में शोक का माहौल है और लोग पीड़ित परिवारों को ढांढस बंधा रहे हैं।

Location :  Maharajganj

Published :  6 July 2026, 3:58 PM IST

Related News

Advertisement