हिंदी
DM गौरव सिंह सोगरवाल ने दिखाई हरी झंडी (Img: Dynamite News)
Maharajganj: शारदीय नवरात्रि के अवसर पर मिशन शक्ति अभियान के तहत महराजगंज में महिला सशक्तिकरण की आवाज बुलंद हुई। महिलाओं एवं बालिकाओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा और स्वावलंबन के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से सोमवार को महिला जागरूकता रैली निकाली गई।
जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल ने उद्योग चौराहे से रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली में महिला पुलिसकर्मियों सहित विभिन्न विभागों की लगभग 200 महिला कर्मचारियों ने उत्साह के साथ भागीदारी की। रैली उद्योग चौराहे से शुरू होकर दुर्गा मंदिर पहुंचकर संपन्न हुई। महिला कल्याण विभाग, पुलिस विभाग, बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग सहित अन्य विभागों की महिला कर्मचारियों ने इसमें हिस्सा लेकर महिला सुरक्षा और सशक्तिकरण का संदेश दिया।
जिला प्रोबेशन अधिकारी क्षमानाथ राय ने बताया कि रैली का मुख्य उद्देश्य महिलाओं एवं बालिकाओं को उनके अधिकारों, महिलाओं से संबंधित कानूनी प्रावधानों, विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों और शासन की कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देना है। उन्होंने बताया कि जिलाधिकारी के निर्देश पर शारदीय नवरात्रि के प्रत्येक दिन अलग-अलग थीम के आधार पर महिला सशक्तिकरण से जुड़े जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
ये भी पढ़ें- शिक्षक MLC चुनाव में छोटी-सी चूक भी पड़ सकती है भारी! DM ने दिए सख्त निर्देश, जानें क्या है पूरा मामला
जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल ने कहा कि शासन के निर्देशानुसार शारदीय नवरात्रि को महिला सशक्तिकरण सप्ताह के रूप में मनाया जा रहा है। इसके तहत महिलाओं के अधिकारों, सुरक्षा और स्वावलंबन के प्रति आमजन को जागरूक करने के लिए विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि महिलाओं को अपने अधिकारों की जानकारी होना बेहद जरूरी है। आवश्यकता पड़ने पर उपलब्ध सहायता सेवाओं और हेल्पलाइन नंबरों का उपयोग करने के प्रति भी उन्हें जागरूक रहना चाहिए।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि जिला प्रशासन मिशन शक्ति अभियान के तहत महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान, सशक्तिकरण और आत्मनिर्भरता सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है। इस दिशा में जनजागरूकता कार्यक्रमों को लगातार प्रभावी ढंग से संचालित किया जाएगा।
कार्यक्रम में अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ, क्षेत्राधिकारी सदर अंकुर गौतम, जिला प्रोबेशन अधिकारी क्षमानाथ राय सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
Location : Maharajganj
Published : 12 October 2026, 9:40 PM IST