हिंदी
जिला प्रशासन ने वन विभाग को जरूरी निर्देश (Img: Dynamite News)
Sultanpur: आंधी-तूफान और भारी बारिश के चलते खेतों में पेड़ गिरने से परेशान किसानों के लिए राहत भरी खबर है। अब गिरे हुए पेड़ों के निस्तारण और उनकी लकड़ी ले जाने की अनुमति को लेकर जिला प्रशासन ने वन विभाग को जरूरी निर्देश दिए हैं। जिलाधिकारी इंद्रजीत सिंह ने साफ कहा है कि प्रभावित किसानों के आवेदनों पर प्राथमिकता से कार्रवाई की जाए, ताकि उन्हें अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।
जिलाधिकारी ने वन विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक कर निर्देश दिया कि आंधी-तूफान और अतिवृष्टि में गिरे पेड़ों के मामलों में नियमानुसार अभिवहन पास प्राथमिकता के आधार पर जारी किए जाएं। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि किसानों की समस्याओं को गंभीरता से लें और जरूरत पड़ने पर मौके पर जाकर स्थिति का निरीक्षण करें।
ये भी पढ़ें- कपड़े की पोटली वहीं रह गई और उजड़ गई दुनिया! सीतापुर में रोडवेज बस की टक्कर से फेरी वाले की मौत, घर में पसरा सन्नाटा
इसके अलावा रास्तों पर गिरे पेड़ों के कारण आवागमन में आ रही बाधाओं को दूर करने के निर्देश भी दिए गए। प्रशासन का जोर इस बात पर है कि प्राकृतिक आपदा से प्रभावित किसानों को पेड़ों के निस्तारण के लिए दफ्तरों के चक्कर न लगाने पड़ें और उनके आवेदनों का समय पर निपटारा हो सके।
किसानों को सलाह दी गई है कि खेत में गिरे पेड़ों की लकड़ी के बोटे तैयार करने और उन्हें दूसरे स्थान पर ले जाने के लिए वन विभाग से संपर्क करें। प्रशासन के मुताबिक, शासन के प्रावधानों के तहत 29 प्रजातियों के वृक्ष प्रतिबंधित श्रेणी में आते हैं।
वहीं, वन क्षेत्र के बाहर स्थित आम, नीम, साल, महुआ और खैर की लकड़ी के परिवहन के लिए भी अभिवहन पास जरूरी है। ऐसे में किसान लकड़ी को ले जाने से पहले संबंधित नियमों और अनुमति की जानकारी जरूर लें। इससे आगे चलकर किसी तरह की कानूनी या प्रशासनिक परेशानी से बचा जा सकता है।
गिरे पेड़ों के निस्तारण, अभिवहन पास और अन्य समस्याओं के समाधान के लिए वन विभाग के अधिकारियों के संपर्क नंबर जारी किए गए हैं।
ये भी पढ़ें- किसानों के खाते में पहुंचेगी राहत की रकम! सीतापुर के 7,356 किसानों को मिला अनुदान, इस वजह से सरकार ने जारी किए पैसे
अंजनी कुमार श्रीवास्तव, उप प्रभागीय वनाधिकारी, सुलतानपुर - 9235707045
राज कुमार मौर्या, क्षेत्रीय वन अधिकारी, सुलतानपुर - 9651562057
गौरव सिंह, वन अधिकारी, लम्भुआ - 7839434755
पंकज चौधरी, वन अधिकारी, कादीपुर - 9899614259
मो. जायर, वन अधिकारी, जयसिंहपुर - 9453946163
किसान अपने क्षेत्र से संबंधित अधिकारी से संपर्क कर गिरे पेड़ों के निस्तारण और लकड़ी के परिवहन की प्रक्रिया के बारे में जानकारी ले सकते हैं।
डीएम इंद्रजीत सिंह ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि किसानों के आवेदनों को नियमानुसार जल्द निपटाया जाए। साथ ही यह भी सुनिश्चित किया जाए कि अनुमति जारी करने की प्रक्रिया में अनावश्यक देरी न हो।
Location : Sultanpur
Published : 12 October 2026, 9:33 PM IST