हिंदी
कोल्हुई में रसोई गैस की किल्लत को लेकर प्रदर्शन
Maharajganj: महराजगंज के कोल्हुई क्षेत्र में घरेलू एलपीजी गैस सिलेंडर की भारी किल्लत ने आम लोगों का धैर्य तोड़ दिया है। पिछले तीन दिनों से वंशराजी इंडेन गैस एजेंसी की सप्लाई गाड़ी नहीं पहुंचने के कारण सैकड़ों उपभोक्ता परेशान हो गए। रसोई का चूल्हा ठंडा पड़ने लगा तो लोगों का गुस्सा सड़कों पर फूट पड़ा।
डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के अनुसार, गैस न मिलने से नाराज ग्रामीणों ने खाली सिलेंडर हाथ में लेकर कोल्हुई हाईवे पर जोरदार प्रदर्शन किया। देखते ही देखते प्रदर्शन ने जाम का रूप ले लिया और लगभग 15 मिनट तक यातायात पूरी तरह ठप हो गया। इस दौरान राहगीरों और वाहन चालकों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
महाराजगंज के कोल्हुई में गैस सिलेंडर की किल्लत को लेकर गैस एजेंसी संचालक का बयान, देखिए क्या कहा@Uppolice @maharajganjpol #Kolhui #GasCylinder #Maharajganj #IndaneGas #UPNews #ChakkaJam #GasShortage pic.twitter.com/nqsvJKn1rB
— डाइनामाइट न्यूज़ हिंदी (@DNHindi) March 25, 2026
जानकारी के अनुसार, सूचना मिलते ही कोल्हुई पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को काबू में किया। पुलिस अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों से बातचीत कर उन्हें शांत कराया और जल्द गैस सप्लाई शुरू कराने का भरोसा दिया। आश्वासन मिलने के बाद लोगों ने जाम हटाया और स्थिति सामान्य हुई।
प्रदर्शन के दौरान जाम लगाने में सक्रिय भूमिका निभाने वाले दो लोगों को पुलिस ने हिरासत में लिया है। पुलिस का कहना है कि यातायात बाधित करने और अफवाह फैलाने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। हालांकि, प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया कि गैस आपूर्ति की समस्या को जल्द सुलझाने के लिए एजेंसी और संबंधित विभाग से समन्वय किया जा रहा है।
गौरतलब है कि तीन दिन से सप्लाई न होने से नाराज ग्रामीणों ने हाईवे जाम कर विरोध प्रदर्शन किया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर हालात संभाले और जाम खुलवाया। इस संकट से आम जनता, खासकर महिलाओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कई घरों में खाना बनाने के लिए लकड़ी और अन्य वैकल्पिक साधनों का सहारा लेना पड़ रहा है। इससे न केवल समय बल्कि स्वास्थ्य पर भी असर पड़ रहा है।
Location : Maharajganj
Published : 25 March 2026, 10:06 AM IST
Topics : Gas Cylinder Crisis Highway Protest Iran Israe war LPG Crisis Maharajganj News (महाराजगंज न्यूज़)