हिंदी
घरेलू गैस (image source: internet)
Deoria: उत्तर प्रदेश में देवरिया जिले के रुद्रपुर स्थित सुनीता गैस एजेंसी पर इन दिनों गैस सिलेंडर को लेकर भारी अव्यवस्था देखने को मिल रही है। गैस लेने के लिए सुबह से ही उपभोक्ताओं की लंबी लाइनें लग गईं। महिलाएं, बुजुर्ग और ग्रामीण क्षेत्र से आए लोग चिलचिलाती धूप में घंटों खड़े रहने को मजबूर दिखाई दिए। कई लोगों को लंबे इंतजार के बाद भी गैस सिलेंडर नहीं मिल सका, जिससे लोगों में भारी नाराजगी देखने को मिली।
गैस लेने पहुंचे लोगों का कहना है कि उनके मोबाइल पर CX नंबर का मैसेज तो आ रहा है, लेकिन DSC नंबर का मैसेज एजेंसी स्तर से रोक दिया जा रहा है। कई उपभोक्ताओं ने आरोप लगाया कि DSC नंबर आने के बाद भी उन्हें गैस नहीं दी जा रही है।
उत्तर प्रदेश के इस जिले में ठप पड़ी नल जल योजना, बूंद-बूंद पानी को तरसे ग्रामीण
लोगों का कहना है कि एजेंसी की अव्यवस्थित व्यवस्था के कारण आम उपभोक्ता परेशान हो रहे हैं। भीषण गर्मी में छोटे बच्चों और बुजुर्गों को लाइन में खड़ा रहना पड़ रहा है, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हो पा रहा है। उपभोक्ताओं ने कहा कि अगर समय से गैस वितरण हो तो ऐसी स्थिति उत्पन्न नहीं होगी।
गैस की समस्या सिर्फ रुद्रपुर तक सीमित नहीं है, बल्कि आसपास के ग्रामीण इलाकों में भी इसका असर देखने को मिल रहा है। लोगों का कहना है कि कई दिनों से गैस की आपूर्ति प्रभावित है, जिससे घरेलू कामकाज में दिक्कत हो रही है।
शनि, संजय, लालमन, नीरू देवी और मंगरू समेत कई लोगों ने प्रशासन से जल्द समाधान की मांग की है। उपभोक्ताओं का आरोप है कि प्रशासन केवल कागजी कार्रवाई में व्यस्त है, जबकि जमीनी स्तर पर लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों ने मांग की है कि गैस वितरण व्यवस्था को पारदर्शी बनाया जाए और समय पर सिलेंडर उपलब्ध कराया जाए। लोगों ने एजेंसी की कार्यप्रणाली की जांच कराने की भी मांग उठाई है।
भीषण गर्मी में घंटों लाइन में खड़े रहने से महिलाओं और बुजुर्गों की हालत खराब होती दिखाई दी। लोगों का कहना है कि अगर जल्द व्यवस्था नहीं सुधरी तो विरोध प्रदर्शन किया जाएगा। फिलहाल गैस संकट को लेकर शहर से लेकर देहात तक हाहाकार की स्थिति बनी हुई है और लोग प्रशासन की कार्रवाई का इंतजार कर रहे हैं।
Location : Deoria
Published : 9 May 2026, 5:08 PM IST
Topics : Deoria News Gas Crisis LPG Crisis LPG cylinder Rudrapur