हिंदी
गिरफ्तार
Muzaffarnagar : जिले में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाला एक खौफनाक मामला सामने आया है, जहां छोटे भाई की पत्नी पर गलत नजर डालने की रंजिश ने बड़े भाई की जान ले ली। शराब के नशे और पारिवारिक विवाद ने ऐसा रूप लिया कि सगा भाई ही हत्यारा बन बैठा।
पूरा मामला चरथावल थाना क्षेत्र के बिरालसी गांव का है। 29 अप्रैल को नहर किनारे झाड़ियों में एक अज्ञात शव बरामद हुआ था। शव की हालत देखकर पुलिस भी शुरू में हैरान रह गई। मृतक के हाथ पर ‘दीपक’ गुदा हुआ था, जिसके आधार पर पहचान की कोशिश की गई। बाद में शव की पहचान रुकनपुर गांव निवासी दीपक के रूप में हुई।
जांच के दौरान पुलिस ने 28 अप्रैल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। इसमें साफ दिखा कि दीपक को उसका छोटा भाई सचिन मोटरसाइकिल पर बैठाकर ले जा रहा था। उस समय दीपक शराब के नशे में था। यही फुटेज इस पूरे केस का टर्निंग पॉइंट बन गया और पुलिस को शक की दिशा मिल गई।
मुजफ्फरनगर : मदरसे में मासूम के साथ दरिंदगी! रात में छात्र को बनाया शिकार, घर पहुंचते ही…
पुलिस ने जब सचिन से सख्ती से पूछताछ की तो उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। उसने बताया कि उसका बड़ा भाई दीपक अक्सर शराब के नशे में उसकी पत्नी के साथ गलत व्यवहार करता था और उस पर गलत नजर रखता था। इसके अलावा संपत्ति बेचने और पैसों को लेकर भी विवाद चल रहा था, जिससे वह काफी परेशान था।
सचिन ने बताया कि 28 अप्रैल की शाम वह अपने भाई दीपक को नशे की हालत में बिरालसी नहर के पास ले गया। वहां उसने ईंट से उसके सिर पर वार किया और उसे धक्का देकर मौत के घाट उतार दिया। इसके बाद शव को झाड़ियों में छिपाकर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने बाद में हत्या में इस्तेमाल ईंट भी बरामद कर ली।
पुलिस ने आरोपी सचिन को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। उसके खिलाफ हत्या की धारा में केस दर्ज किया गया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी और पूछताछ से पूरा मामला साफ हो चुका है।
सीओ सदर रविशंकर मिश्रा ने बताया कि 29 तारीख को बिरालसी नहर के पास एक शव मिला था जिसकी पहचान दीपक के रूप में हुई। सीसीटीवी जांच में सामने आया कि उसका छोटा भाई सचिन उसे ले गया था। पूछताछ में उसने हत्या स्वीकार की है। संपत्ति और पारिवारिक विवाद इस वारदात की वजह बने।
Location : Muzaffarnagar
Published : 10 May 2026, 3:14 AM IST