नेपाल में उफान पर भोटेकोशी, महाराजगंज में अलर्ट! गंडक के तटीय इलाकों में बढ़ा खतरा

नेपाल के टिमुरे क्षेत्र में अचानक भारी जलप्रवाह से भोटेकोशी नदी में बाढ़ की सूचना के बाद महाराजगंज प्रशासन हाई अलर्ट पर है। डीएम गौरव सिंह सोगरवाल के निर्देश पर गंडक नदी के जलस्तर की 24×7 निगरानी, नदी तटीय और निचले इलाकों में विशेष सतर्कता तथा आपात स्थिति में सुरक्षित स्थानों पर लोगों को पहुंचाने की तैयारियां तेज कर दी गई हैं।

Post Published By: Priyam Kashyap
Updated : 26 August 2026, 4:06 PM IST
google-preferred

Maharajganj: नेपाल के रसुवा जिले के सीमावर्ती टिमुरे क्षेत्र में अचानक भारी जलप्रवाह से भोटेकोशी नदी में आई आकस्मिक बाढ़ की सूचना ने सीमावर्ती इलाकों में हलचल बढ़ा दी है। नेपाल में नदी का जलस्तर बढ़ने और टिमुरे बाजार समेत आसपास के नदी तटीय क्षेत्रों में नुकसान की प्रारंभिक सूचना के बाद महाराजगंज जिला प्रशासन ने भी सतर्कता बढ़ा दी है। जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल ने संभावित स्थिति को देखते हुए अधिकारियों को पूरी तरह अलर्ट रहने के निर्देश दिए हैं।

नदी के जलस्तर की लगातार निगरानी

बुधवार सुबह करीब 9 बजे नेपाल के टिमुरे क्षेत्र में अचानक अत्यधिक मात्रा में जलप्रवाह आने से भोटेकोशी नदी का जलस्तर बढ़ने की सूचना सामने आई। इस घटनाक्रम को देखते हुए निचले क्षेत्रों पर संभावित प्रभाव की आशंका के मद्देनजर महाराजगंज में गंडक नदी के जलस्तर की लगातार निगरानी शुरू कर दी गई है।

अफसरों को अलर्ट रहने के निर्देश

जिलाधिकारी के निर्देश पर संबंधित तहसीलों के अधिकारियों, राजस्व विभाग, पुलिस, एसडीआरएफ और अन्य संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। नदी तटीय और निचले इलाकों में विशेष निगरानी रखी जा रही है। प्रशासन ने संभावित आपात स्थिति में लोगों को तत्काल सुरक्षित एवं ऊंचे स्थानों पर पहुंचाने के लिए तैयारियां सुनिश्चित करने को कहा है।

ये भी पढ़ें - Maharajganj News: नई टीम ने संभाली कमान, डीएम ने दिलाई शपथ; कलेक्ट्रेट कर्मचारियों को दी बड़ी जिम्मेदारी की याद

प्रशासन की ओर से स्थानीय स्तर पर नदी के जलस्तर और परिस्थितियों पर लगातार नजर रखी जा रही है। किसी भी तरह के बदलाव अथवा खतरे के संकेत मिलने पर तत्काल आवश्यक कदम उठाने की व्यवस्था की गई है।

नदी किनारे जाने से बचें, बच्चों-बुजुर्गों को रखें दूर

जिला प्रशासन ने नदी तटीय और निचले क्षेत्रों में रहने वाले लोगों से विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है। लोगों को अनावश्यक रूप से नदी, नालों और जलभराव वाले क्षेत्रों के समीप नहीं जाने की सलाह दी गई है। प्रशासन ने कहा है कि यदि जलस्तर बढ़ता है अथवा किसी क्षेत्र के लिए चेतावनी जारी की जाती है तो लोग बिना देरी किए सुरक्षित और ऊंचे स्थानों की ओर चले जाएं। बच्चों, बुजुर्गों और पशुओं को नदी तथा जलभराव वाले इलाकों के आसपास न जाने दें।

अफवाहों से बचें, सिर्फ प्रशासन की सूचना पर करें भरोसा

जिला प्रशासन ने नागरिकों को अफवाहों और अपुष्ट सूचनाओं से सावधान रहने को कहा है। सोशल मीडिया पर प्रसारित होने वाली किसी भी अपुष्ट जानकारी पर विश्वास करने के बजाय प्रशासन की ओर से जारी आधिकारिक सूचनाओं को ही सही मानने की अपील की गई है। प्रशासन के मुताबिक स्थिति पर लगातार 24×7 निगरानी रखी जा रही है और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए संबंधित विभागों को सक्रिय रखा गया है।

ये भी पढ़ें - Maharajganj: हकामुद्दीन की संदिग्ध मौत; पूर्व मंत्री सुशील टिबड़ेवाल ने अखिलेश यादव की ओर से पीड़ित परिजनों को सौंपी आर्थिक मदद

आपात स्थिति में इन नंबरों पर करें संपर्क

जिला आपातकालीन संचालन केंद्र (DEOC), महाराजगंज से संपर्क के लिए 05523-222162 पर फोन किया जा सकता है। इसके अलावा 1077 (आपदा हेल्पलाइन), 9628819145 और 9621333537 पर भी आवश्यक सूचना अथवा सहायता के लिए संपर्क किया जा सकता है।

Location :  Maharajganj

Published :  26 August 2026, 4:06 PM IST

Related News

Advertisement